BPSC: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा 72वीं CCE परीक्षा का फेक नोटिस, BPSC ने बताया पूरी तरह फर्जी, Career Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


BPSC 72nd CCE Exam: बीपीएससी (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फर्जी नोटिस पर अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है। आयोग ने केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की अपील की है।

BPSC 72nd CCE Fake Notice: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण खबर है। सोशल मीडिया और विभिन्न मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर 72वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा की नई परीक्षा तिथियों और 2026 के परीक्षा कैलेंडर को लेकर एक वायरल नोटिस तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर एक्शन लेते हुए बिहार लोक सेवा आयोग ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी किया है और अभ्यर्थियों को ऐसे किसी भी भ्रामक संदेश या नोटिस के झांसे में न आने की सख्त हिदायत दी है।

आयोग ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के जरिए जानकारी दी कि इंटरनेट पर वायरल हो रहा यह सर्कुलर पूरी तरह से फर्जी और निराधार है। BPSC ने ऐसा कोई भी नया परीक्षा कार्यक्रम या नोटिस जारी नहीं किया है।

फर्जी नोटिस में क्या फैलाया जा रहा था भ्रम?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फेक नोटिस में बीपीएससी की 72वीं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा की संभावित नई तारीखों और वर्ष 2026 में प्रस्तावित अन्य परीक्षाओं के बारे में गलत जानकारी दी जा रही थी। कई छात्र इसे सच मानकर आपस में शेयर कर रहे थे, जिससे भ्रम का माहौल बन गया। आयोग ने कहा कि नॉन-वेरिफाइड सोर्सेज से आ रही ऐसी खबरों पर बिल्कुल ध्यान न दें और न ही इन्हें आगे फॉरवर्ड करें।

कब होनी थी परीक्षा और क्यों टली?

बीपीएससी 72वीं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा पहले 26 जुलाई 2026 को आयोजित होनी निर्धारित थी। लेकिन आयोग ने अपरिहार्य कारणों से 18 जुलाई 2026 को परीक्षा नियंत्रक के माध्यम से आधिकारिक नोटिस जारी कर परीक्षा को स्थगित कर दिया था। परीक्षा स्थगित होने के बाद से ही छात्र नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, आयोग ने अभी तक नई तारीख की घोषणा नहीं की है और कहा है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

1,230 पदों पर होनी है भर्ती

आयोग ने 6 मई 2026 को 72वीं CCE परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसके तहत राज्य के विभिन्न प्रशासनिक विभागों में कुल 1,230 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 31 मई 2026 तक चली थी। अभ्यर्थियों का चयन तीन चरणों—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

बीपीएससी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों, नॉन-वेरिफाइड यूट्यूब चैनलों या व्हाट्सएप ग्रुप्स के दावों से बचें। परीक्षा तिथि या भर्ती से संबंधित किसी भी प्रामाणिक अपडेट के लिए उम्मीदवार केवल BPSC की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in और आयोग के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ही भरोसा करें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *