मौसम विभाग ने 8 अगस्त को पटना, भागलपुर, गयाजी समेत 19 जिलों आंधी, बारिश और बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर बिहार में शनिवार को झमाझम बारिश की संभावना कम है।
Bihar Weather Forecast: शनिवार, 8 अगस्त को दक्षिण और पूर्वी बिहार में मॉनसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। पटना, भागलपुर, गयाजी समेत 19 जिलों में आंधी एवं बिजली की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान झमाझम बारिश के आसार भी बने रहेंगे। हालांकि, शनिवार को किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। उत्तर बिहार और कोसी, सीमांचल के इलाकों में अगले 24 घंटे तेज बारिश के आसार कम नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को मॉनसून की बेरूखी के चलते राज्य का अधिकतम तापमान चढ़कर 37 डिग्री के पार तक चला गया।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बिहार के दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व भाग के जिलों में शनिवार को आंधी, मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
पटना, भागलपुर समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 8 अगस्त को 19 जिलों में आंधी और बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। पटना, भागलपुर, गयाजी, भोजपुर (आरा), नालंदा, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर जिले में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने का खतरा बना रहेगा। इन जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की भी संभावना है।
दक्षिण बिहार में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को दक्षिण और पूर्वी बिहार में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। पटना, गयाजी, नालंदा, बेगूसराय, भागलपुर समेत आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बरसात हो सकती है। अन्य जिलों में भी छिटपुट बरसात की संभावना रहेगी। हालांकि, 8 अगस्त को किसी भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी नहीं जारी की गई है।
24 घंटे बाद तेज होगा बारिश का दौर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार के बाद राज्य में मॉनसूनी गतिविधियों में फिर से तेजी आएगी। लगभग सभी जिलों में आंधी, बारिश का मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने 9 अगस्त को कैमूर, किशनगंज, अररिया, सुपौल, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। फिर 10 अगस्त को मध्य बिहार में झमाझम पानी गिरने के आसार हैं। रविवार को सीवान, छपरा, वैशाली, समस्तीपुर और बक्सर में भारी बारिश का अलर्ट है।
कई शहरों में बढ़ा तापमान, 37 डिग्री के साथ कैमूर सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बिहार के कई जिलों में दिन के तापमान में भारी उछाल आया। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में पारा 1 से 3 डिग्री तक चढ़ गया। 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ 7 अगस्त को कैमूर राज्य में सबसे गर्म रहा।
राजधानी पटना में 34.2, औरंगाबाद में 33.9, गयाजी मे 33.4, नालंदा में 33.7, सीवान के जीरादेई में 34.8, छपरा में 34.2, वैशाली में 33.9, मोतिहारी में 35, दरभंगा में 35.3, समस्तीपुर में 33.1, भागलपुर में 31.7 और पूर्णिया में 33.8 अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।