बिहार का मौसम, 9 अगस्त: भभुआ और किशनगंज में भारी बारिश, 18 जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट, Bihar Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


बिहार में रविवार को दो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, 18 जिलों में आंधी-बिजली के आसार हैं। अन्य जगहों पर मॉनसूनी गतिविधियां कमजोर रहेंगी। गयाजी, शेखपुरा, रोहतास समेत कुछ जिलों में शनिवार को भी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने 9 अगस्त 2026 ने भभुआ (कैमूर) और किशनगंज में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, आरा, भागलपुर समेत 18 जिलों में आंधी, बिजली का येलो अलर्ट जारी हुआ है। रविवार को कोसी, सीमांचल, पूर्वी और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है। हालांकि, झमाझम बरसात का दौर कम ही नजर आएगा। चंपारण, मिथिलांचल, पटना, मगध जैसे क्षेत्रों में मॉनसून की बेरूखी जारी रहेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान की मानें तो 9 अगस्त को उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण पूर्व भाग के जिलों में कुछ जगहों पर आंधी और मेघगर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है। वहीं, भभुआ और किशनगंज में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, हालांकि छिटपुट बरसात के आसार बने रहेंगे।

आरा, भागलपुर समेत 18 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के 18 जिलों में आंधी, बिजली और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें भोजपुर (आरा), बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले शामिल हैं। इनमें एक-दो स्थानों पर मौसम बिगड़ने की आशंका बनी रहेगी। आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है।

पटना में कैसा रहेगा मौसम

9 अगस्त को पटना में मौसम का असर मिला-जुला रहेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बारिश के एक या दो दौर देखने को मिल सकते हैं। राजधानी में दिन का पारा 35 डिग्री, जबकि रात का 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

पटना, गया समेत कई जिलों में गिरा तापमान

शनिवार, 8 अगस्त को बिहार के कई जिलों के अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई। राजधानी पटना में पारा लगभग एक डिग्री गिरकर 33.3 पर पहुंच गया। गयाजी में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 32.6 डिग्री पारा दर्ज हुआ। कैमूर के तापमान में 1.6 डिग्री की कमी आई, फिर भी यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अररिया जिले के फारबिसगंज में भी सर्वाधिक 35.4 डिग्री पारा रहा।

राजगीर, शेखपुरा, जहानाबाद, अरवल, डेहरी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, जीरादेई, मधुबनी, सुपौल जैसे शहरों के दिन के तापमान में भी शनिवार को कमी देखी गई।

आज कहां कितनी बारिश हुई

मौसम विभाग के हालिया अपडेट के अनुसार, शनिवार (8 अगस्त) को कुछ जिलों में झमाझम बरसात हुई। रोहतास जिले के डेहरी में 6.8 मिलीमीटर पानी गिरा। शेखपुरा में 4.5 मिमी, मधेपुरा में 2 मिमी, जहानाबाद और सुखेत (मधुबनी) में 1 मिमी और गयाजी में 1.8 मिमी बरसात हुई। यह आंकड़ा सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक का है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *