उत्तरखंड में कल का मौसम; 2 दिन भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट, रोकी गई मदमहेश्वर यात्रा, Uttarakhand Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में रविवार से मौसम के रुख में बड़ा बदलाव देखा जाएगा। कल कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है। सुरक्षा कारणों से मदमहेश्वर यात्रा रोक दी गई है।

उत्तराखंड में एकबार फिर मौसम बेहद खराब होने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में कल यानी रविवार से दो दिन गरज चमक के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मदमहेश्वर मंदिर की यात्रा रोक दी गई है। भारी बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां डराने लगी हैं। रुद्रप्रयाग प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट जारी किया गया है।

आज रात को इन जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने शनिवार रात को रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

कल इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

IMD ने कल से उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में और ज्यादा मौसम के खराब होने की संभावना जताई है। बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों कुछ जगहों पर तेज आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

रविवार को इन जिलों में येलो अलर्ट

उत्तराखंड के बाकी जिलों में कुछ जगहों पर तेज बारिश और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। रविवार को ही देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 अगस्त को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 10 अगस्त यानी सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ जगहों पर तेज आंधी-तूफान के साथ बहुत तेज से लेकर जोरदार बारिश और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 10 अगस्त को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के बाकी जिलों में कुछ जगहों पर तेज से बहुत तेज बारिश और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है।

डरा रहीं अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां

भारी बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों की लहरें डराने लगी हैं। रुद्रप्रयाग जिले में आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और नगर प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मदमहेश्वर यात्रा को रोकने के आदेश दिए हैं। बता दें कि पंचकेदार शृंखला के इस प्रमुख मंदिर तक पहुंचने के लिए 14.50 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। निर्माण कार्य के कारण मार्ग पर आवागमन जोखिमपूर्ण बना है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *