बोर्ड द्वारा जारी 5 अगस्त की नोटिफिकेशन के अनुसार, परिणाम के बाद की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में कक्षा 10 के छात्र 9 अगस्त तक अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रति विषय 300 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
CBSE ने कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा 2026 के मेन और दूसरे (सेकेंड) बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य परीक्षा और सेकेंड बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं (Evaluated Answer Books) की स्कैन कॉपी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड द्वारा जारी 5 अगस्त की नोटिफिकेशन के अनुसार, परिणाम के बाद की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में कक्षा 10 के छात्र 9 अगस्त तक अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रति विषय 300 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन होंगे रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन
CBSE के अनुसार, मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी देखने के बाद यदि किसी छात्र को लगता है कि उसके उत्तरों का मूल्यांकन सही ढंग से नहीं हुआ है, तो वह 16 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अंकों के सत्यापन या रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए आवेदन बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर ही स्वीकार किए जाएंगे।
इस वर्ष बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब अंकों के सत्यापन या रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों के लिए अपनी मूल्यांकित आंसर शीट की स्कैन कॉपी प्राप्त करना अनिवार्य कर दिया गया है। यानी बिना स्कैन कॉपी लिए छात्र इन दोनों प्रक्रियाओं के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।
300 रुपये फीस
अधिसूचना में उन छात्रों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है, जिन्होंने मुख्य बोर्ड परीक्षा और सेकेंड बोर्ड परीक्षा दोनों में हिस्सा लिया था। ऐसे छात्र दोनों परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन अंकों के सत्यापन या रीवैल्यूएशन के लिए किसी एक परीक्षा की उत्तर पुस्तिका का ही चयन कर सकेंगे। यदि कोई छात्र किसी विषय की पूरी उत्तर पुस्तिका के अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन करता है, तो उसे प्रति विषय 300 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा।
जो छात्र अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें यह समझना चाहिए कि इस प्रक्रिया में उत्तरों का दोबारा मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। सत्यापन के दौरान केवल यह जांच की जाएगी कि सभी उत्तरों का मूल्यांकन किया गया है या नहीं, अंकों का कुल योग सही तरीके से किया गया है या नहीं और दिए गए अंक मार्क्स शीट में सही ढंग से दर्ज किए गए हैं या नहीं।
आपत्ति के लिए आवेदन और फीस
वहीं, यदि किसी छात्र को किसी विशेष प्रश्न के मूल्यांकन पर आपत्ति है, तो वह रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। रीवैल्यूएशन में संबंधित प्रश्न के मूल्यांकन की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
CBSE कक्षा 10 पोस्ट-रिजल्ट गतिविधियों का शेड्यूल
गतिविधि- आवेदन की तिथि
मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी- 5 अगस्त से 9 अगस्त 2026
अंकों का सत्यापन-16 अगस्त से 19 अगस्त 2026
रीवैल्यूएशन-16 अगस्त से 19 अगस्त 2026
CBSE ने सभी कक्षा 10 के छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी है। अंतिम तिथि के बाद भेजे गए किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, स्कैन कॉपी, अंकों के सत्यापन और रीवैल्यूएशन जैसी पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं के लिए जमा किया गया शुल्क किसी भी स्थिति में वापस (Non-refundable) नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि CBSE ने कक्षा 10 की सेकेंड बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम 18 जुलाई 2026 को घोषित किया था, जबकि मुख्य बोर्ड परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। परिणाम जारी होने के बाद अब बोर्ड छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराने और आवश्यक होने पर अंकों के सत्यापन या रीवैल्यूएशन का अवसर दे रहा है।