उत्तराखंड में मौसम फिर खराब हो गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, बिजली चमकने और वज्रपात का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
उत्तराखंड में एकबार फिर मौसम के तेवर तीखे हो गए हैं। उत्तराखंड के कई स्थानों पर रविवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून समेत 4 जिलों में भारी से बेहद ज्यादा भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के कई अन्य जिलों में झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर व्रजपात की भी चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।
आज रात को इन जिलों में जोरदार बारिश
मौसम विभाग ने रविवार रात को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में अलग-अलग जगहों पर गरज चमक के साथ भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
कल इन जिलों में भारी बारिश, ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में अलग-अलग जगहों पर गरज चमक और बिजली कड़कने के साथ भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौडी, पिथौरागढ और उधम सिंह नगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बागेश्वर जिले में सोमवार को बंद रहेंगे स्कूल
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिले में सोमवार को 12वीं कक्षा तक के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर उत्तराखंड के आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से सभी चेतावनी वाले जिलों में लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने और पर्याप्त एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्तराखंड में 15 अगस्त तक बारिश के आसार
उत्तराखंड में 11 से 15 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने हरियाणा और चंडीगढ़ में 10, 11 और 13 अगस्त को जबकि पंजाब में 9, 10 और 13 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। राजस्थान में 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 12 और 13 अगस्त को भी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में जोर पकड़ेगी बारिश
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर पश्चिम भारत में बारिश जोर पकड़ने वाली है। यही नहीं पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलग-अलग हिस्सों में 9 और 10 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।