बिहार में खराब मौसम से 13 लोगों की मौत, नवादा में एक साथ 4 पर गिरी बिजली, बांका में 5 मरे, Bihar Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


दक्षिण और पूर्वी बिहार में मंगलवार को आकाशीय बिजली आफत बनकर बरसी। खराब मौसम की वजह से बांका, नवादा, लखीसराय, गयाजी और जमुई जिले में 13 लोगों की मौत हो गई। नवादा में एक साथ 4 मजदूरों पर बिजली गिर गई। बांका जिले में अलग-अलग जगहों पर 5 की मौत हो गई।

बिहार में मंगलवार को खराब मौसम से अलग-अलग जिलों में 13 लोगों की जान चली गई। दक्षिण और पूर्वी बिहार में आसामान से कहर बरपा। जगह-जगह लोग आकाशीय बिजली (ठनका) की चपेट में आ गए। बांका जिले में सर्वाधिक 5 लोगों की वज्रपात से जान चली गई। नवादा जिले में एक साथ 4 लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिनमें से 3 की मौत हो गई। लखीराय, जमुई और गयाजी में भी ठनका से जान गई है। मरने वाले कुल 13 लोगों में से 8 महिलाएं शामिल हैं।

बांका जिले के बौंसी में काजीकैरी गांव स्थित एक खेत में काम कर रही सूफिया खातून (36 वर्ष) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। क्षेत्र के सराय गांव में खेत में काम करने के दौरान किसान सुरेश यादव (70 वर्ष) भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। सुईया के बोरा सुईया गांव के बहियार में खेत में काम कर रहीं रिंकू देवी (35 वर्ष), कुसमी देवी (45 वर्ष) और रेणु देवी (40 वर्ष) भी वज्रपात की चपेट में आ गईं। सभी की मौके पर ही जान चली गई। बांका जिले में ठनका की चपेट में 7 अन्य लोग झुलस भी गए।

नवादा में सीतामढ़ी से आए 3 मजदूरों की मौत

सीतामढ़ी के सोनवर्षा प्रखंड स्थित मधेशरा गांव से 12 मजदूर धान रोपनी के लिए नवादा के रजौली प्रखंड क्षेत्र में आए थे। मंगलवार को 8 मजदूर राजाबिगहां गांव में काम कर रहे थे। वहीं, 4 अन्य मजदूर दरियापुर गांव में मनोज यादव के खेत में धाम रोप रहे थे। इसी बीच ठकना गिर गया और उसकी चपेट में चारों मजदूर आ गए। इस दौरान तीन की मौत हो गई, जबकि एक झुलस गया।

लखीसराय में 3 की मौत

जिले के चानन प्रखंड के अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की घटनाओं में एक किशोरी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, जमुई में सोनो के गौरवामटिहाना गांव के सुपार बहियार में खेत में काम कर रहीं गौरवा मटिहाना गांव के मिथिलेश मंडल की पत्नी पूजा देवी (28 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसकी सास झुलस गई।

गयाजी में किसान की मौत

जिले के फतेहपुर में खेत में धान रोपनी कर रहे किसान रविशंकर उर्फ मंटूश कुमार (28) की मौत हो गई। वह टनकुप्पा प्रखंड के बुढगिंजोई गांव का रहने वाला था। मंगलवार शाम को खेत में काम करते समय ठनका की चपेट में आ गया। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।

इन जिलों में भी येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने तात्कालिक पूर्वानुमान जारी कर अरवल, औरंगाबाद, बक्सर, कैमूर, भोजपुर और रोहतास जिले में भी आंधी और बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मंगलवार देर रात तक मौसम खराब रहने की आशंका है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *