Bihar Weather: मुजफ्फरपुर समेत 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी, पटना और नालंदा में भी आंधी-बारिश की चेतावनी, Bihar Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर बिहार के 5 जिलों में रात तक आंधी और तेज बारिश की आशंका जताई है। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली यानी ठनक गिरने का भी खतरा है। पटना, नालंदा, गयाजी जैसे जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।  

Bihar Weather: मौसम विभाग ने गुरुवार 13 अगस्त की रात बिहार में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुजफ्फरपुर समेत 5 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश और कई जगहों पर ठनका गिरने की चेतावनी है। वहीं, पटना, नालंदा, समस्तीपुर समेत आसपास के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी दिखाया गया है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार शाम को इसका तात्कालिक पूर्वानुमान जारी किया है। गुरुवार को दिन में छपरा और मोतिहारी में झमाझम बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, सारण (छपरा) और पूर्वी चंपारण जिलों के 32 प्रखंडों में गुरुवार रात तक तीव्र दर्जे की मेघगर्जन और वज्रपात के साथ आंधी और झमाझम बारिश होने की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा। खराब मौसम में लोगों को खुले स्थानों में ना जाने, पक्के मकान की शरण लेने, ऊंचे पेड़ और बिजले के खंभों से दूर रहने और खेत में काम नहीं करने की हिदायत दी गई है।

जिन जगहों पर रेड अलर्ट जारी हुआ है, उनमें मुजफ्फरपुर जिले के सभी 16 प्रखंड, साऱण जिले के अमनौर, ईशपुर, तरैया, दरियापुर, नगरा, परसा, पानापुर, बनियापुर, मकेर, मढ़ौरा एवं मशरक, वैशाली जिले के पातेढ़ी बेलसर, लालगंज एवं वैशाली, सीतामढ़ी जिले का रून्नीसैदपुर और पूर्वी चंपारण जिले का मेहसी प्रखंड शामिल है।

पटना समेत 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

इसी के साथ, पटना, गयाजी, जहानाबाद, नवादा, अरवल, नालंदा, बेगूसराय, शेखपुरा और समस्तीपुर जिले में मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी गुरुवार रात तक तेज बारिश और मध्यम दर्जे की मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

पटना के इन प्रखंडो में मौसम खराब रहने की आशंका

तात्कालिक अलर्ट के अनुसार पटना जिले के अथमलगौला, खुसरूपुर, दनियावां, दुल्हिनबाजार, पंडारक, पटना ग्रामीण, पालीगंज, पुनपुन, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़ , बेलछी और मसौढ़ी प्रखडं में मौसम खराब रह सकता है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

शाम तक छपरा में हुई सर्वाधिक बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को राज्य में कुछ जगहों पर मॉनसूनी गतिविधियां सक्रिय रही। खासकर सारण जिले में झमाझम बारिश देखी गई। सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक छपरा में सर्वाधिक 32.6 मिलीमीटर पानी गिरा। मोतिहारी में 27.3, पटना में 2.2, वाल्मीकिनगर में 1.4, जीरादेई (सीवान) में 1 और जहानाबाद में 1 मिलीमीटर पानी गिरा। अरवल, वैशाली, शेखपुरा और भागलपुर में भी छिटपुट बरसात हुई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *