मौसम विभाग के मुताबिक 16 अगस्त को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान के साथ 15 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही लोगों को उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया है।
देश के बड़े हिस्से में मॉनसून ऐक्टिव है। मौसम विभाग (IMD) ने 16 अगस्त को कम सेकम 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश के चलते पूर्वोत्तर के राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई अन्य राज्यों में बारिश गर्मी से दिलाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
मौसम विभाग के मुताबिक ज्यादातर जगहों पर तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश होगी। इसके साथ ही वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में मछुआरों को गहरे समंदर में ना जाने की सलाह दी गई है। दक्षिण पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने भूस्खलन की भी चेतावनी दी है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विङाग ने राजधानी दिल्ली, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, झारखंड, असम, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और ओडिशा, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 50 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में 16 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश की गतिविधियां 21 अगस्त तक जारी रहेंगी। इसके साथ ही 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मधुरा, आगरा, बस्ती, अयोध्या, मेरठ, अलीगढ़ जालौन, इटावा, गोरखपुर, बतायूं, सहारनपुर, हमीरपुर, शामिली, लखनऊ, बाराबंकी, शाहजहांपुर, हरदोई, औरैया, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र में बारिश हो सकती है।
दिल्ली में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में तूफानी बारिश का अनुमान लगाया है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। इसके अलावा तेज हवाओं और बारिश के चलते प्रदूषण कम रहेगा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार और झारखंड का मौसम
बिहार के पटना, दरभंगा, सिवान, भोजपुर, सारण, भागलपुर, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, वैशाली, अररिया, पूर्णिया और बेगूसराय में तेज बारिश हो सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। झारखंड के भी ज्यादातर जिलों में बारिश होगी।
मध्य प्रदेश और राजस्थान का मौसम
मध्य प्रदेश में भोपाल, राजगढ़, बालाघाट, सिवनी, खरगोन, इंदौर, दमोह, श्योपुर, विदिशा, खंडवा, नर्मदापुरम समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राजस्थान के झालावाड़, भरतपुर, कोटा, करौली, अलवर, बारां, चुरू, अजमेर, सवाई माधोपुर और भीलवाड़ा में बारिश हो सकती है।
पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का अलर्ट
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, ओलन और सिरमौर में बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में तेज बारिश का अनुमान है।