बिहार में 22 से भारी बारिश का दौर, 4 दिन झमाझम बरसेगा मॉनसून, उत्तर से दक्षिण तक मौसम का अलर्ट, Bihar Hindi News

Actionpunjab
3 Min Read


मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक बिहार में झमाझम बरसात की संभावना जताई है। 22 से 26 अगस्त तक अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर से लेकर दक्षिण बिहार तक मॉनसून गतिविधियां तेज रहेंगी।

बिहार में अगले 4-5 दिन मॉनसून मेहरबान होने वाला है। दक्षिण से उत्तर बिहार तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को चंपारण और सीमांचल क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रविवार को कैमूर, रोहतास, सीवान जैसे जिलों में भारी बरसात होने की आशंका है। राजधानी पटना में भी दो दिन बाद झमाझम बरसात के आसार नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर, बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में मॉनसून पूरी तरह कमजोर रहा। छिटपुट जगहों को छोड़कर शुक्रवार को राज्य में कहीं भी बरसात नहीं हुई।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के भीतर राज्य में मॉनसून फिर से सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 अगस्त के लिए 10 जिलों में ऑरेंज और 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, अररिया समेत अन्य जिलों में आंधी, बारिश का मौसम रहेगा।

शनिवार को 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), पश्चिम चंपारण (बेतिया), अररिया और किशनगंज जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, गोपालगंज, छपरा, सीवान, आरा, बक्सर, कैमूर, रोहतास जैसे जिलों में आंधी, ठनका का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पटना, गयाजी, नालंदा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, दरभंगा, सीतामढ़ी समेत आसपास के जिलों में येलो अलर्ट है। इन इलाकों में मौसम खराब रहने की आशंका है।

4 दिन चलेगा भारी बारिश का दौर

बिहार में अगले 4 दिनों तक झमाझम बरसात होने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 23 अगस्त को कैमूर, रोहतास, बक्सर, गोपालगंज और सीवान जिले में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 24 अगस्त को समस्तीपुर, सुपौल, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, नालंदा जिले में मूसलाधार बारिश की संभावना है। इसके बाद 25 अगस्त को गोपालगंज और चंपारण में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

पटना समेत कई जिलों में बढ़ा पारा

मौसम विभाग ने बताया कि 21 अगस्त को राज्य के अधिकांश जिलों में मॉनसून कमजोर रहा। इसके प्रभाव से कई जिलों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी पटना में शुक्रवार को दिन का तापमान आधा डिग्री बढ़कर 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 36.3 डिग्री के साथ कैमूर में सर्वाधिक तापमान रहा। गयाजी, नालंदा, छपरा, सीवान, मोतिहारी, समस्तीपुर, वैशाली, अररिया जैसे जिलों के दिन के पारे में भी बढ़ोतरी हुई। बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *