दिल्ली-NCR में कल का मौसम; मध्यम बारिश के आसार, आगे उमस से बढ़ेगी परेशानी, Ncr Hindi News

Actionpunjab
5 Min Read


Delhi Weather: दिल्ली-NCR में सोमवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार से बारिश में कमी आने के कारण लोगों को फिर से उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ सकती है। 

संजय कुशवाहा, नई दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में कल यानी सोमवार को झमाझम बारिश के आसार हैं। हालांकि दिल्ली वालों को लंबी राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मंगलवार से बारिश में कमी आएगी। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली में सुबह AQI 105 अंक रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के बाद भी उमस बरकरार

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार की सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, दोपहर बाद निकली तेज धूप के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कहां कितनी बारिश?

दिल्ली के अधिकांश इलाकों में सुबह के समय घने बादल छाए रहे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा 17.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि, पूसा में 11.5, पालम में 10.6 और सफदरजंग में 3.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।

गर्मी-उमस के चलते पसीना पोंछते नजर आए लोग

हालांकि, बारिश का दौर ज्यादा देर तक नहीं चला और दोपहर तक ज्यादातर इलाकों में खिली हुई धूप निकल आई। इसके बाद भी बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रही। लेकिन, गर्मी और उमस के चलते लोग पसीना पोंछने के लिए मजबूर रहे।

कितना रहा तापमान?

दिल्ली के सफदरंजग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि, न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 97 से 67 फीसदी तक रहा।

कल हल्की से मध्यम बारिश के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी दिल्ली में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि, दिन के ज्यादा बड़े हिस्से में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग ने मंगलवार यानी 25 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में छिटपुट बादलों की मौजूदगी के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त के दिन अधिकतम तापमान के 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। इसके बाद बारिश की संभावना नहीं है।

37 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा तापमान

मौसम विभाग ने 26 से लेकर 29 अगस्त तक दिल्ली में बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। 26 से लेकर 29 अगस्त तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।

दिल्ली ने महसूस की 41 डिग्री से ज्यादा वाली गर्मी

उमस के चलते दिल्ली के लोगों ने 41 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा वाली गर्मी का अनुभव किया। IMD के मुताबिक, रविवार को दिन में ढाई बजे तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि, आर्द्रता का स्तर 79 फीसदी तक रहा। इस दौरान हवा की गति 11.1 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रही। इसके चलते दिल्ली का फील लाइक तापमान यानी महसूस होने वाली गर्मी का स्तर 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली की हवा साफ-सुथरी

मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वाय गुणवत्ता सूचकांक 96 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक इसी के आसपास रहने की संभावना है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *