मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई है, जबकि मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Rain IMD Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि अगले तीन दिन उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और झारखंड तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। IMD ने कहा है कि झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में बने एक कम दबाव के क्षेत्र (Low-Pressure Area) के सक्रिय होने की वजह से पूर्वी और मध्य भारत में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ है, जो आगे तीन दिनों तक जारी रह सकता है। IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, आज यानी 25 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही अगले 3 दिनों के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई है, जबकि मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, हालांकि इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के लोगों को फिलहाल बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों के कमजोर रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में सबसे अधिक बारिश झारखंड के पलामू में 19 सेंटीमीटर दर्ज की गई है। इसके बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ सदर में 18 सेमी, मेघालय के मावककरवाट में 18 सेमी, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 17 सेमी और ओडिशा के बडकोट में 16 सेमी बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक के भागमंडला में 15 सेमी और केरल के कन्नूर जिला (अय्यनकुन्नु AWS) में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली के दिल्ली विश्वविद्यालय और आया नगर क्षेत्रों में भी पिछले 24 घंटों में 10-10 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई है।
दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे NCR में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि 25 अगस्त को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि, शाम से रात के दौरान कई स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। IMD ने कहा है कि 26 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, सप्ताह के अंत तक बादल कम होने लगेंगे और तापमान बढ़कर 35-37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
किस क्षेत्र में कब-कब बारिश का अनुमान?
मौसम विभाग ने क्षेत्रवार वर्षा का अनुमान जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह बारिश का दौर जारी रहेगा। IMD के मुताबिक, उत्तराखंड में 25-26 अगस्त और फिर 30-31 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 25 से 31 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख- गिलगिट बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कहीं-कहीं अच्छी बारिश होने का अनुमान है। IMD ने कहा है कि पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 26 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अनुमान है। 27 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वी और मध्य भारत का क्या हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 से 27 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 29 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। विदर्भ में भी 25 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं पूर्वी भारत के मौसम अनुमानों पर IMD ने कहा है कि 25 से 29 अगस्त के दौरान झारखंड में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही बिहार में 25 से 27 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। IMD ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 25 से 28 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। ओडिशा के लिए पूर्वानुमानों में कहा गया है कि 25, 27 और 31 अगस्त को वहां भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 28 से 30 अगस्त के दौरान यहां बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
IMD ने पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी 25 से 31 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 25 अगस्त, 27-28 अगस्त और 31 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 29-30 अगस्त के दौरान इन राज्यों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस समय देश में दो मौसम प्रणाली ऐक्टिव है, जिसकी वजह से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश का दौर जारी है।