हिमाचल में 31 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम? चंबा में दरकी जमीन, डरा देने वाला VIDEO, Himachal-pradesh Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


हिमाचल प्रदेश में इस मॉनसूनी सीजन में भूस्खलन और हादसों से 237 लोगों की मौत हुई है। 31 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? मॉनसून की गतिविधियां कैसी रहेंगी। इस रिपोर्ट में जानें…

हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने से कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 25 से 31 अगस्त तक मानसून की सक्रियता के कारण बादल बरस सकते हैं, हालांकि इस दौरान भारी बारिश का कोई अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की गई है। आगामी दिनों में मानसून के धीमे रहने से प्रदेश को भारी बारिश से राहत मिलने की भी संभावना है।

चंबा में दरकी जमीन

मंगलवार को शिमला में सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदला और कई जगह बादल जमकर बरसे। इसी बीच चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में भारी भूस्खलन से कोडल से उरई सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा सड़क को तोड़ता हुआ नीचे नाले में जा समाया। इससे इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही के साथ पैदल आवागमन भी पूरी तरह बंद हो गया है। राहत की बात यह रही कि भूस्खलन के समय सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था और न ही वहां पैदल लोगों की आवाजाही थी। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

सिरमौर में भारी बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान भी मॉनसून की सक्रियता के कारण सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। धौलाकुआं में सबसे अधिक 92 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ददाहू में 43 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 22 मिलीमीटर और जतौन बैरेज में भी 22 मिलीमीटर बारिश हुई।

99 सड़कें थीं बंद

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मंगलवार शाम तक प्रदेश में भूस्खलन और बारिश के कारण 99 सड़कें बंद थीं। इनमें मंडी जिले में 44, कुल्लू में 23, सिरमौर में 12 और कांगड़ा में सात सड़कें शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में सात ट्रांसफार्मर और छह पेयजल योजनाएं भी प्रभावित रहीं। चंबा और कांगड़ा में तीन-तीन बिजली ट्रांसफार्मर बंद रहे। पेयजल योजनाओं में शिमला की तीन, हमीरपुर की दो और कांगड़ा की एक योजना प्रभावित रही।

237 लोगों की मौत

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, 30 जून से अब तक मानसून सीजन के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में प्रदेश में 237 लोगों की मौत हुई है और 387 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 139 की जान सड़क हादसों में गई। भूस्खलन से 17, बहने से 10 और पहाड़ी या पेड़ से फिसलकर गिरने से 31 लोगों की मौत हुई है।

1,149 करोड़ रुपये का नुकसान

मानसून के दौरान प्रदेश में 94 घर, 17 दुकानें और 359 पशुशालाएं पूरी तरह नष्ट हुई हैं। 408 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं से प्रदेश में अब तक 1,149 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इसमें लोक निर्माण विभाग को अकेले 864 करोड़ रुपये का नुकसान शामिल है।

धीमा रहेगा मॉनसून

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक; आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता धीमी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश में भारी बारिश से राहत मिलने के आसार हैं, हालांकि कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *