IMD Red Alert: मौसम विभाग ने ओडिशा के लिए सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है, जहां 29 और 30 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (204.4 मिमी से अधिक) होने की आशंका जताई गई है। I
IMD Red Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा के तटों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय परिसंचरण) के प्रभाव से कम दबाव का एक क्षेत्र (Low-Pressure Area) बन चुका है। इसकी वजह से अगले चार दिन पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, यह वेदर सिस्टम और अधिक मजबूत होकर अगले 48 घंटों में उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से देश के पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मौसम का कड़ा मिजाज देखने को मिलेगा, जबकि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में काफी कमी देखी जाएगी।
ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा के लिए सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है, जहां 29 और 30 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (204.4 मिमी से अधिक) होने की आशंका जताई गई है। IMD ने कहा है कि इसकी वजह से ओडिशा में अगले 24 घंटों में (30 अगस्त की सुबह 11:30 बजे तक) अचानक बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। IMD ने कहा है कि ओडिशा के बालासोर, भद्रक, ढेंकनाल, क्योंझरगढ़, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों के कुछ वाटरशेड और निचले इलाकों में मध्यम से कम तीव्रता की अचानक बाढ़ आने की स्थिति बन सकती है।
अन्य राज्यों में भी अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने कहा है कि ओडिशा के अलावा दो सटे राज्यों में भी इस वेदर सिस्टम की वजह से भारी बारिश हो सकती है और उसके कारण उन राज्यों में भी अचानक बाढ़ आ सकती है। IMD ने कहा कि ओडिशा के अलावा पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया और पश्चिमी मिदनापुर जिलों और झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भी अचानक बाढ़ और जलभराव का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में कहाँ बरसी आफत?
IMD ने बताया है कि बीते 24 घंटों में मॉनसून ने देश के कई हिस्सों में रिकॉर्डतोड़ बारिश की है। जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा और बिहार के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, असम, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भारी बारिश (7-11 सेमी)दर्ज हुई है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान सबसे अधिक वर्षा ओडिशा के मयूरभंज में 16 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के रियासी में 14 सेमी, हरियाणा के कालका में 14 सेमी, बिहार के गयाजी में 14 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के बीरसिंहपुर (सतना) में 12 सेमी, पूर्वी राजस्थान के बकानी (झालावाड़) में 11 सेमी, मिजोरम के कोलासिब में 11 सेमी और उत्तराखंड के यमकेश्वर में 10 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौ,म विभाग ने कहा है कि 30 अगस्त से 4 सितंबर के दौरान बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और झारखंड में 29 अगस्त को तेज बिजली कड़कने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 30 अगस्त को यहां बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। झारखंड में 31 अगस्त को भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि 29 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान ओडिशा में भी आंधी-तूफान, बिजली कडकने के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ़्तार, (जो 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है) से हवा चलने की संभावना है।
यूपी-एमपी और छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने कहा है कि पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 अगस्त और 2 से 3 सितंबर को, जबकि छत्तीसगढ़ में 30 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 अगस्त से 2 सितंबर के बीच तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा की रफ्तार, जो आंधी में 50 किमी/घंटा तक जा सकती है) चलने और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तराखंड में 29 अगस्त और 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 अगस्त से 4 सितंबर के दौरान भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस का डबल अटैक
मौसम विभाग ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल भारी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। 29 से 31 अगस्त के बीच दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 35°C से 37°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 1.6°C से 3°C तक अधिक रहेगा। हालांकि, 1 सितंबर को दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान गिरकर 33°C-35°C तक आ सकता है।