मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार में 30 अगस्त से 1-2 सितंबर तक मॉनसून सक्रिय रहेगा। चंपारण और पूर्वी बिहार में भी मूसलाधार बरसात हो सकती है। रविवार को गयाजी समेत 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। कई जिलों में आंधी और वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया गया है।
Bihar Weather: मौसम विभाग ने बिहार में अगले 3-4 दिनों तक मूसालाधार बरसात की संभावना जताई है। सितंबर महीने के पहले सप्ताह तक राज्य में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। खासकर पटना, गयाजी, छपरा, मोतिहारी, भागलपुर जैसे जिलों और आसपास के इलाकों में झमाझम बरसात की संभावना है। राजधानी पटना में भी अच्छा पानी गिर सकता है। मौसम विभाग ने रविवार 30 अगस्त को दक्षिण बिहार के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 11 जिलों में आंधी और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मॉनसून ट्रफ अभी बिहार से होकर गुजर रही है। पूर्वी यूपी और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण केंद्र भी बना हुआ है, इसका असर बिहार पर देखने को मिलने वाला है। रविवार को उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, दक्षिण मध्य और दक्षिण पश्चिम भाग के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवाओं के साथ बरसात की संभावना बनी रहेगी।
रविवार को इन जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को औरंगाबाद, बेगूसराय, गयाजी, जहानाबाद, नालंदा, नवादा और रोहतास जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 30 अगस्त को छपरा, आरा, कैमूर, सीवान, मोतिहारी समेत 11 जिलों में आंधी और बिजली का ऑरेंज अलर्ट भी जारी हुआ है। इसके अलावा, पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, नवादा समेत 15 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम खराब होने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।
दक्षिण बिहार में 3 दिन तक झमाझम बरसात
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण बिहार के जिलों में अगले 3 दिनों तक झमाझम बरसात होगी। पटना, गयाजी, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, कैमूर समेत आसपास के जिलों में कहीं-कहीं इस अवधि में भारी बारिश हो सकती है। अच्छी बारिश की संभावना से किसानों के चेहरे खिले हैं। हालांकि, निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
चंपारण, सारण, पूर्वी बिहार में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 31 अगस्त और 1 सितंबर को कोसी-सीमांचल को छोड़ राज्य के अन्य सभी इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। सोमवार और मंगलवार को पटना से भागलपुर और गयाजी से मोतिहारी तक सभी इलाकों में अच्छी बरसात हो सकती है। इस दौरान औरंगाबाद, कैमूर, गयाजी और रोहतास जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में आज मेहरबान रहा मॉनसून
राज्य के कुछ हिस्सों में शनिवार को भी मॉनसून सक्रिय रहा। सीवान जिले के जीरादेई में सर्वाधिक 20.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गयाजी जिले में भी 9.4 मिमी बरसात हुई। मुजफ्फरपुर में 7 मिमी पानी गिरा। मुंगेर, जहानाबाद, छपरा और भागलपुर में भी कुछ जगहों पर बरसात हुई।