कल का मौसम, 30 अगस्त: रविवार को यूपी-बिहार में होगी भारी बारिश, इन इलाकों में भी IMD अलर्ट, Weather Hindi News

Actionpunjab
6 Min Read


दिल्ली में मौसम बादलों से घिरा रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, शनिवार के साथ-साथ रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन वीकेंड में बारिश होने के आसार नहीं हैं। अगले दिनों में भी गर्मी से राहत के आसार हैं।

भारत मौसम विभाग के अनुसार, 30 अगस्त को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होगी। उत्तर प्रदेश में मौसम काफी सक्रिय रहेगा। खासकर पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर बरसात की संभावना है और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 अगस्त से 4 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वांचल के कई जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। किसानों को खेतों में पानी की निकासी बनाए रखने और बारिश के दौरान सिंचाई, खाद व कीटनाशक का छिड़काव रोकने की सलाह दी गई है।

बिहार में 30 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 30 अगस्त से 1 सितंबर तक कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। राज्य में 4 सितंबर तक गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं का दौर रह सकता है। झारखंड में रविवार को बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि ओडिशा में बेहद भारी बारिश का खतरा है। पूर्वोत्तर में भी बारिश जारी रहेगी। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ भारी बारिश हो सकती है। गोवा में भारी बारिश होगी। गुजरात और मराठवाड़ा में छिटपुट वर्षा का अनुमान है।

राजधानी दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

आने वाले दिनों में दिल्ली में मौसम मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, शनिवार के साथ-साथ रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन वीकेंड में बारिश होने के आसार नहीं हैं। अगले दिनों में भी गर्मी से राहत सीमित रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने का अनुमान है। शनिवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में नमी और बादलों के कारण उमस बनी रह सकती है। फिलहाल दिल्ली में तेज बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए लोगों को आने वाले दिनों में मुख्य रूप से गर्म और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

राजस्थान में कमजोर पड़ा मॉनसून

राजस्थान में मॉनसून कमजोर पड़ने के कारण आने वाले हफ्ते में ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। इस दौरान पूर्वी राजस्थान में केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम के सूखा रहने के आसार हैं। पश्चिमी सीमावर्ती इलाकों में गर्मी बढ़ने की संभावना है। हालांकि, 3-4 सितंबर से मौसम में बदलाव आने के संकेत हैं। इस दौरान पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। फिलहाल राज्य में मॉनसून की सक्रियता कम रहने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।

झारखंड में बारिश को लेकर चेतावनी

झारखंड में आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 5 सितंबर तक अच्छी बारिश होने की उम्मीद है और कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 29 अगस्त से 1 सितंबर के बीच कई जिलों में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह के साथ पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और धनबाद में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से राज्य में अब तक दर्ज बरसात की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ के लिए IMD की रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मॉनसून सक्रिय रहने से बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पिछले 24 घंटों में बलरामपुर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए राज्य में बारिश की गतिविधियां आगे भी बनी रहेंगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *