मौसम विभाग के मुताबिक पिछले तीन महीनों में सामान्य से 14 फीसदी कम बारिश हुई है। वहीं अगस्त का महीने 1901 के बाद से सबसे गर्म रहा। सितंबर में मॉनसून को लेकर आईएमडी ने भविष्यवाणी की है।

Noida, India-August 27, 2026:Commuters were seen moving about during the rain in the evening, in Noida, India, on Thursday, August 27, 2026. (Photo by Sunil Ghosh / Hindustan Times)
मॉनूसन के तीन महीनों में सामान्य से करीब 14 फीसदी कम बारिश हुई है। अब आईएमडी ने मानसून के आखिरी महीने सितंबर के लिए भविष्यवाणी की है। विभाग ने कहा कि सितंबर में सामान्य से 91 फीसदी बारिश होने की संभावना है। सितंबर के लिए सामान्य बारिश 167.9 मिलीमीटर है।
सितंबर में सामान्य से कम बारिश
आईएमडी के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सितंबर के दौरान देश के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। हालांकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व , पूर्व मध्य और दक्षिण पूर्वी हिस्सों के कुछ इलाकों में बारिश सामान्य या सामान्य से अधिक हो सकती है। सितंबर के दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में मासिक औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के तीन महीनों के दौरान अब तक सामान्य से 13.8% कम बारिश हुई है। 556.2 मिमी की तुलना में अब तक 421.6 मिमी बारिश हुई है। सबसे कम बारिश दक्षिणी हिस्से में रही है जहां यह कमी 24.2% है, जबकि पूर्वोत्तर में 25.7, उत्तर पश्चिम में 10.7, मध्य भारत में 3.8% कम बारिश हुई है।
देश के 47 फीसदी जिलों में कम बारिश
विभाग के अनुसार देश के 741 जिलों में बारिश के आंकड़े एकत्र किए गए हैं। इनमें 312 यानी 42 फीसदी जिलों में सामान्य से कम तथा 38 जिलों (पांच फीसदी) में अत्यधिक कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं 290 जिलों में सामान्य, 80 जिलों में सामान्य से अधिक तथा 14 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई है। सात जिलों के आंकड़े उपलब्ध नहीं हुए।
अगस्त में 190 की बजाय 139 मिमी बादल बरसे
अगस्त में देशभर में मानसून कमजोर रहा और सामान्य से 16.3 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, महीने में सामान्य 190.7 मिमी के मुकाबले केवल 139.1 मिमी वर्षा हुई। क्षेत्रवार देखें तो दक्षिण भारत में बारिश की कमी सबसे अधिक 27.1 फीसदी रही। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में 16.9 फीसदी, मध्य भारत में 16.2 फीसदी और उत्तर-पश्चिम भारत में 9.5 फीसदी कम बारिश हुई। बता दें कि जुलाई में सामान्य से एक फीसदी ज्यादा बारिश हुई थी
कुल 213.3 मिलीमीटर बारिश
मौसम विभाग ने कहा कि अगस्त महीने में 213.3 मिमी बारिश हुई जो 1901 के बाद से 17वां कम बारिश वाला अगस्त महीना है। आईएमडी ने यह भी कहा कि सितंबर में मासिक औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
वर्ष 1901 के बाद से सर्वाधिक तापमान
आईएमडी ने कहा कि अगस्त महीने का औसत तापमान 28.01 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य तापमान की तुलना में 0.67 डिग्री ज्यादा है। 1901 के बाद से यह बढ़ोतरी सर्वाधिक है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान के मामले में भी अगस्त अब तक का सबसे गर्म रहा। न्यूनतम औसत तापमान अगस्त में 24.36 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से 0.68 डिग्री ज्यादा है। अधिकतम औसत तापमान में 0.65 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।