Delhi Weather: दिल्ली-NCR में मंगलवार शाम झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। IMD ने बुधवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। रात को जोरदार बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार शाम को झमाझम बारिश हुई। हालांकि इससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली-NCR में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। जोरदार बारिश से तापमान में भी गिरावट के संकेत हैं। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 3 और 4 सितंबर को भी दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी देखी जा सकती है। कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।
दिल्ली के इन इलाकों में जोरदार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 2 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ मध्यम यानी जोरदार बारिश का अनुमान जताया है। वहीं मध्य दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
ऑरेंज और येलो अलर्ट
इसके लिए अलग-अलग इलाकों में कहीं ऑरेंज तो अलग-अलग जगहों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ ही एनसीआर में रात को भी बारिश देखी जा सकती है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
कल भी जोरदार बारिश के आसार
मौसम विभाग ने कल यानी बुधवार को भी दिल्ली-एनसीआर में जोरदार बारिश की चेतावनी दी है। IMD ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम यानी जोरदार बारिश की चेतावनी दी है।दोपहर से शाम के बीच भी कई जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। इस दिन रात को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है।
कल कितना रह सकता है तापमान?
दिल्ली में बुधवार को झमाझम बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखी जाएगी। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुल मिलाकर कल झमाझम बारिश से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।
3 से 7 सितंबर तक कितना रहेगा तापमान?
दिल्ली-एनसीआर में 3 और 4 सितंबर को बूंदाबांदी की संभावना है। दिल्ली में 3 से 7 सितंबर तक अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में 5 से 7 सितंबर के दौरान बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को पालम में 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया।