बिहार का मौसम, 2 सितंबर: पटना समेत 31 जिलों में येलो अलर्ट, गयाजी में भारी बारिश की चेतावनी, Bihar Hindi News

Actionpunjab
3 Min Read


बिहार में दो सितंबर को गयाजी समेत 3 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, पटना समेत 31 जिलों में आंधी, बिजली का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार में अगले 24 घंटे के भीतर झमाझम बारिश के आसार जताए हैं। 

Bihar Weather Forecast: मौसम विभाग ने बिहार की राजधानी पटना समेत 31 जिलों में बुधवार 2 सितंबर को येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात और बारिश होने की संभावना है। दक्षिण और पूर्वी बिहार में झमाझम बरसात का दौर अगले 24 घंटे और जारी रहने की संभावना है। गयाजी समेत 3 जिलों में बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना, गयाजी समेत कई जगहों पर मंगलवार को भी मूसलाधार बरसात दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर को बिहार के उत्तर पश्चिम, दक्षिण पश्चिम, उत्तर मध्य, दक्षिण मध्य और दक्षिण-पूर्वी भाग में मेघगर्जन, वज्रपात और आंधी के साथ बरसात के आसार हैं। इस दौरान कोसी और सीमांचल क्षेत्र में मॉनसूनी गतिविधियां कमजोर रहेंगी।

31 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को पटना, भागलपुर, गयाजी, मुजफ्फरपुर, आरा, छपरा, सीवान, गोपालगंज, मोतिहारी, बेतिया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, अरवल, जहानाबाद, बक्सर, शेखपुरा, नालंदा, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, बांका, खगड़िया, समस्तीपुर, वैशाली, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी और शिवहर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के कुछ इलाकों में मौसम खराब रहने की आशंका है।

दक्षिण बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को दक्षिण बिहार में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। गयाजी, नवादा और जमुई जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

आज पटना में झमाझम, गयाजी में सर्वाधिक बारिश

1 सितंबर को भी बिहार के कई हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां सक्रिय रहीं। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में अच्छी बारिश दर्ज हुई। गयाजी जिले में मंगलवार को सर्वाधिक 55.4 मिलीमीटर पानी गिरा। राजधानी पटना में शाम के समय कुछ देर के लिए झमाझम बरसात हुई, जिससे कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बन गई।

मंगलवार को रोहतास जिले के डेहरी में 18, सुपौल में 9.8, नालंदा जिले के राजगीर में 13, मुंगेर में 7.5, अरवल में 7, सीवान के जीरादेई में 3, पटना में 2.4, भागलपुर में 1.2, पूर्णिया में 9.2, वाल्मीकिनगर में 2.6, मधुबनी में 4.5 और छपरा एवं मुजफ्फरपुर में 2-2 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई।

मौसम अपडेट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ओडिशा और झारखंड के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। इसका असर बिहार में दिख सकता है। मौसम विभाग ने बिहार के दक्षिणी भाग में तापमान अगले दो दिनों के भीतर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान जताया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *