मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर तक, फिर दोपहर से शाम के दौरान कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 15KM की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा मौसम बुलेटिन में पूर्वानुमान जताया है कि कल गुरुवार यानी 3 सितंबर 2026 को देशभर के अधिकांश राज्यों में बारिश होगी। इस दौरान कुछ राज्यों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आस-पास के इलाकों में बने सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र के असर से तीन सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार और विदर्भ के कहीं-कहीं भारी बारिश तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
कहां-कहां भारी बारिश की संभावना?
मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार को मध्य प्रदेश और विदर्भ में ‘आसमान से आफत’ की बारिश होने की संभावना है। IMD ने इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक 3 सितंबर को मध्य भारत के इलाकों में प्रकृति का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश (20.4 CM से अधिक) होने की गंभीर चेतावनी दी गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी कल बहुत भारी बारिश का अनुमान जताा गया है। IMD ने कहा है कि इस दौरान भारी बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।
अचानक बाढ़ (Flash Flood) का खतरा
IMD ने कहा है कि अचानक भारी बारिश की वजह से पूर्वी मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, रीवा, सिंगरौली, सीधी, उमरिया, जबलपुर, पन्ना, सतना और दमोह जिलों में 3 सितंबर की सुबह 11:30 बजे तक अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने कल 3 सितंबर को बिहार में काफी बड़े पैमाने पर व्यापक बारिश होने की प्रबल संभावना जताई है। इसके साथ ही राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) की आशंका भी जताई गई है। दूसरी ओर, पड़ोसी राज्य झारखंड में 5 सितंबर तक बादल छाए रहने और भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने 3 सितंबर की सुबह तक चार उत्तर-पश्चिमी जिलों – गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा के लिए हल्की से मध्यम बारिश का ‘येलो’ अलर्ट’ भी जारी किया है। विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटे में (मंगलवार से) रांची के बीएयू-कांके में सबसे अधिक 220 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद जामताड़ा के नाला में 202.6 मिलीमीटर और जामताड़ा में 136.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। IMD ने कहा है कि राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा कल भी बना रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर तक, फिर दोपहर से शाम के दौरान कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं, साथ ही कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 32°C से 34°C (जो सामान्य के आसपास रहेगा) और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C (जो सामान्य से -1.6°C से -3.0°C कम रहेगा) के बीच दर्ज किया जा सकता है। हवाओं की बात करें तो सुबह के समय मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवा की गति 15 किमी/घंटा तक रहने की उम्मीद है, जो दोपहर में घटकर 12 किमी/घंटा हो जाएगी, लेकिन शाम और रात होते-होते हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्व हो जाएगी और इसकी रफ्तार बढ़कर 25 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है
अन्य क्षेत्रों में क्या हाल?
IMD ने कहा है कि 3 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र और चित्रकूट जिलों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने का अंदेशा है। इसके अलावा हिमालयी क्षेत्र के उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। IMD ने कहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, कीचड़ के बहाव और सड़कों के प्रभावित होने का खतरा है। इनके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के इलाकों में कल बहुत भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। दक्षिण भारत के अंदरूनी कर्नाटक (उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों) और तेलंगाना में भी कल 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी झोंकों के रूप में 50 किमी/घंटे की गति को भी छू सकती हैं।