कल यानी कि शुक्रवार 4 सितंबर को देशभर के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश होने वाली है। यूपी-उत्तराखंड समेत तमाम राज्यों में बरसात का अलर्ट है। इसके अलावा, कई राज्यों में आंधी तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
देशभर में मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव है, जिसकी वजह से झमाझम बरसात हो रही है। यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने कल यानी कि 4 सितंबर को कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। पू्र्वोत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसका असर साफ देखने को मिल रहा। कल जम्मू कश्मीर, लद्दाख में बहुत भारी बारिश होगी। इसके अलावा, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के इलाकों में बारिश का अलर्ट है। वहीं, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य भारत के लिए मौसम विभाग का कहना है कि कल पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ के बड़े इलाकों में तेज बारिश होने वाली है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश पश्चिमी मध्य प्रदेश में आंधी तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार में तेज बारिश होगी। इसके अलाव, ओडिशा में भी कहीं कहीं तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप, बिहार, झारखंड, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में आंधी तूफान, बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
असम, मेघालय समेत कई राज्यों में भारी बारिश
मॉनसून के सीजन में पूर्वोत्तर राज्यों में भी जोरदार बारिश देखने को मिल रही। कल अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भी तेज बारिश होगी। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा जैसे राज्यों में भी तेज बारिश का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर में बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके अलावा, कोंकण, गोवा में बहुत तेज बारिश होगी। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा,सौराष्ट्र में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। कल यानी कि चार सितंबर को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में आंधी तूफान औ बिजली गिरने का अलर्ट है।
छत्तीसगढ़ में 24 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी बारिश हुई है। सरगुजा के पोंडी बचरा में सर्वाधिक 14 सेंमी (140 मिमी), कुसमी में आठ सेंमी और दौरा कोचली में छह सेंमी बारिश दर्ज की गई। राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में पांच-पांच सेंमी तथा जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में चार-चार सेंमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण बलरामपुर जिले में सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कोरिया में बच्चों को समय से पहले स्कूलों से घर भेज दिया गया। अंबिकापुर के रिहायशी इलाकों में ड्रेनेज चोक होने से पानी घरों और दुकानों में घुस गया। एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ की वीआईपी कॉलोनी में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया।