कल का मौसम, 2 सितंबर: बुधवार को भी जमकर बरसेंगे बदरा, UP-उत्तराखंड समेत इन इलाकों में अलर्ट, Weather Hindi News

Actionpunjab
5 Min Read


उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार दोपहर से बुधवार दोपहर तक राज्य के 10 जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। देहरादून और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश होगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मॉनसूनी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, 2 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कहीं-कहीं भारी बारिश भी होगी। 3 सितंबर को दोनों अंचलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। चार और पांच सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं। 6-7 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। अगले दिनों में आकाशीय बिजली और तेज गरज-चमक को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार दोपहर से बुधवार दोपहर तक राज्य के 10 जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल में कई स्थानों पर बरसात का दौर जारी रहने की आशंका है। मसूरी, प्रतापनगर, थलीसैंण, धुमाकोट, रानीखेत, लोहाघाट, भीमताल और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा बना रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

झारखंड के मौसम का हाल जानिए

झारखंड में आने वाले दिनों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य में 5 सितंबर तक कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश जारी रह सकती है। बुधवार तक गढ़वा, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में मूसलाधार बारिश को लेकर रेड अलर्ट है। लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बना रहेगा।

पंजाब में कैसा रहेगा मौसम

पंजाब और चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पांच सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को पंजाब के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून ट्रफ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश के बावजूद वातावरण में उमस बनी रह सकती है। चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और बीच-बीच में बारिश की संभावना रहेगी।

बंगाल को लेकर IMD रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल में आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बुधवार सुबह तक पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है, जिसके प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश की तीव्रता बनी रहने की संभावना है। उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में चार सितंबर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी। तटीय क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में भी मौसम सतर्क रहने वाला रहेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *