मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद CTET सितंबर 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया था। उम्मीदवारों को 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया गया। अब परीक्षा की संशोधित तारीख का इंतजार है। यह CTET परीक्षा का 22वां संस्करण है।
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी सीटीईटी सितंबर 2026 का फॉर्म भर चुके उम्मीदवारों को संशोधित परीक्षा की तारीख का बेसब्री से इंतजार है। परीक्षा की नई तारीख का ऐलान आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो सीबीएसई जल्द ही सीटीईटी की संशोधित एग्जाम डेट की घोषणा कर सकता है। हालांकि बोर्ड की तरफ से अभी तक ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ। ऐसे में उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है। बता दें कि संशोधित शेड्यूल जारी होने के बाद उम्मीदवारों के लिए एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे।
25 अगस्त से 1 सितंबर तक दोबारा खुले थे आवेदन
मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद CTET सितंबर 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया था। उम्मीदवारों को 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया गया। अब परीक्षा की संशोधित तारीख का इंतजार है। यह CTET परीक्षा का 22वां संस्करण है।
CTET सिटी स्लिप में मिलेगी परीक्षा शहर की जानकारी
परीक्षा तारीख घोषित होने के बाद CBSE की ओर से CTET एग्जाम सिटी स्लिप जारी की जाएगी। इसमें उम्मीदवार को आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी दी जाएगी। इससे अभ्यर्थी पहले से परीक्षा केंद्र वाले शहर की यात्रा की तैयारी कर सकेंगे। इसके बाद CBSE CTET एडमिट कार्ड जारी करेगा। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड ले जाना जरूरी होगा। एग्जाम सेंटर में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों के जरूरी दस्तावेज और जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
CTET 2026 एग्जाम पैटर्न
CTET परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की कुल अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी। प्रत्येक पेपर में 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और पेपर कुल 150 अंकों का होगा। CTET Paper 1 और Paper 2, दोनों में पांच सेक्शन होंगे।
दो पेपर में होगी CTET परीक्षा
CTET में उम्मीदवारों के लक्ष्य किए गए शिक्षण स्तर के आधार पर दो अलग-अलग पेपर होते हैं।
पेपर 1: कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए।
पेपर 2: कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए।
उम्मीदवार अपनी शैक्षणिक योग्यता और जिस स्तर पर शिक्षक बनना चाहते हैं, उसके अनुसार संबंधित पेपर में शामिल हो सकते हैं।
CTET पास करने के लिए कितने अंक जरूरी?
CTET परीक्षा में क्वालिफाई करने के लिए उम्मीदवारों को कम से कम 90 अंक प्राप्त करने होंगे। परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को CTET प्रमाणपत्र दिया जाता है। CTET केंद्रीय सरकारी स्कूलों के साथ-साथ देश के कई राज्य संचालित संस्थानों में शिक्षक पद के लिए पात्रता हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण परीक्षा है। हालांकि, CTET क्वालिफाई करना अपने आप में शिक्षक पद पर नियुक्ति की गारंटी नहीं देता। नियुक्ति संबंधित भर्ती के नियमों और पात्रता शर्तों के आधार पर होती है।
आजीवन वैध रहेगा CTET सर्टिफिकेट
CBSE के अनुसार, CTET प्रमाणपत्र की वैधता सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आजीवन रहेगी। यानी एक बार CTET क्वालिफाई करने के बाद उम्मीदवार को प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने के कारण दोबारा परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी। उम्मीदवार इसका इस्तेमाल शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए पात्रता के तौर पर कर सकते हैं।