सावधान! फिर आ रहा नया विलेन, इन राज्यों में खूब बरसेंगे बदरा; आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अलर्ट, Weather Hindi News

Actionpunjab
5 Min Read


IMD ने कहा है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 8 से 13 सितंबर के बीच कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने के आसार हैं, जबकि उत्तराखंड में 10 सितंबर से चार दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

Rain and Toofan Alert: देश के कई हिस्सों खासकर यूपी-बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में इस वक्त मॉनसून चरम पर है। वहीं मूसलाधार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मिजोरम में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई है। IMD का कहना है कि उत्तर प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले चार दिनों तक उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती हैं। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

IMD की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एक तरफ जहां एक तरफ चक्रवाती प्रणालियां और ट्रफ लाइनें सक्रिय हैं, वहीं दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम जन्म लेने की तैयारी कर रहा है। इसकी वजह से अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि 12 से 14 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में; और 10-14 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में काफी बडे इलाके से लेकर पूरे इलाके में बारिश होने की संभावना है। IMD ने कहा है कि 8-11 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में; 8-9 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में; और 8-14 सितंबर के दौरान विदर्भ में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है।

पिछले 24 घंटों की ‘ब्लॉकबस्टर’ बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में बादलों ने देश के कई हिस्सों में जोरदार एंट्री की है। इसकी वजह से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लॉन्ग आईलैंड और असम के आम्रघाट में बादलों ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई, जहां 12 सेमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के हल्दिया में 10 सेमी, पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुहम्मदी (खीरी) और मिजोरम के कोलासिब में 9 सेमी, ओडिशा के नवरंगपुर में 8 सेमी, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुर्ती और पश्चिमी मध्य प्रदेश के निवाली (बड़वानी) में 7 सेमी पानी बरसा है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा है नया ‘विलेन’

मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी (उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तटों के पास) में एक निम्न दाब क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से देश के कई राज्यों में बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। IMD ने कहा है कि ओडिशा में 10 सितंबर को और अरुणाचल प्रदेश में 12 सितंबर को कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 11 से 14 सितंबर के दौरान और मध्य प्रदेश में 13 से 14 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का ‘यू-टर्न’, फिर राहत की बौछारें

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को पिछले 24 घंटों में अचानक चढ़ते पारे ने परेशान किया है, जहां अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई लेकिन दिल्लीवालों के लिए खुशखबरी भी है। IMD ने कहा है कि 8 से 10 सितंबर के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान तापमान 34°C से 36°C के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 सितंबर को दिल्ली वालों के लिए राहत का दिन होगा, क्योंकि इस दिन दिल्ली के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर तथा रात के समय हल्की से मध्यम बारिश के दो दौर आएंगे। इससे दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 31°C से 33°C के बीच आ जाएगा, जिससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *