गाड़ी में सभी चारों युवक बैठकर नकल की पर्चियां तैयार कर रहे थे
हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नकल माफिया पर शिकंजा कसते हुए आज सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। बोर्ड सचिव डॉ. मुनीश नागपाल के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र के बाहर नकल गिरोह को रंगे हाथों पकड़ा। यह गिरोह दसवीं कक्षा की व
.
बोर्ड सचिव को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव पुगथला स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। सूचना मिलते ही बोर्ड की उड़नदस्ता टीम और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। जब टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि एक गाड़ी में चार युवक बैठकर नकल की पर्चियां तैयार कर रहे थे, जबकि कुछ अन्य युवक मोटरसाइकिल पर उन्हें सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस और बोर्ड टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से नकल सामग्री बरामद हुई। चारों युवकों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया और उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए। जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के अंदर भी खिड़कियों के पास से नकल की पर्चियां बरामद हुईं, जिससे स्पष्ट हुआ कि परीक्षा केंद्र तक नकल पहुंचाई जा रही थी।

पुगथला स्कूल के सामने कार पर छापेमारी के दौरान नकल गिरोह को पकड़ती बोर्ड की टीम
प्रशासन सख्त, नकल माफिया पर कड़ी कार्रवाई जारी
घटना की जानकारी मिलते ही गन्नौर के एसडीएम, पुलिस एसीपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पकड़े गए युवकों में से तीन एक निजी स्कूल से जुड़े हुए थे, जहां के विद्यार्थी इसी परीक्षा केंद्र में परीक्षा दे रहे थे।अब सवाल यह उठता है कि गिरोह को परीक्षा के प्रश्न कहां से मिले? जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र लीक हुआ था, या फिर परीक्षा के दौरान ही नकल माफिया ने कोई और तरीका अपनाया था।
कैसे चल रहा था नकल का खेल
पकड़े गए युवक परीक्षा केंद्र के बाहर गाड़ी में बैठकर नकल की पर्चियां तैयार कर रहे थे। मोटरसाइकिल सवार युवक इन पर्चियों को परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचाने का काम कर रहे थे। खिड़कियों के पास से भी पर्चियां बरामद हुईं, जिससे साफ है कि अंदर बैठे छात्रों तक यह सामग्री पहुंचाई जा रही थी।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन युवकों को प्रश्न कहां से मिले और क्या इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति की संलिप्तता थी।

परीक्षा केंद्र के बाहर गाड़ी में बैठकर नकल की पर्चियां तैयार करते युवक
बोर्ड सचिव डॉ. मुनीश नागपाल का सख्त संदेश
हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर या बाहर नकल माफिया को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड की ओर से सख्त निगरानी रखी जा रही है और यदि कोई नकल में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
लगातार हो रही है कड़ी कार्रवाई
पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा बोर्ड ने परीक्षा में नकल रोकने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सख्त चेकिंग और उड़नदस्ता टीमों की तैनाती की जा रही है। बोर्ड सचिव खुद विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर रहे हैं और नकल करने वालों पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस अब पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है कि नकल सामग्री कहां से आई और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी इसी तरह की गतिविधियां हो रही हैं।हरियाणा बोर्ड की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नकल माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।