![]()
महिला के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
अलीगढ़ के दादों थाना क्षेत्र के गांव राजमऊ में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें नहर के किनारे कुछ लोग एक महिला के साथ गाली गलौज और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं महिला से तहरीर लेकर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुरानी रंजिश के कारण की मारपीट
दादों के गांव राजमऊ निवासी सुनीता देवी पत्नी उमेश ने पुलिस को बताया कि वह 29 मार्च की शाम को 7 बजे गोबर फेंकने के लिए जा रही थी। तभी रास्ते में उसे गांव का ही अमर सिंह पुत्र त्रिमल सिंह मिल गया और गंदी-गंदी गालियां देने लगा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अमर सिंह ने उनके परिवार का पुराना विवाद चल रहा था। इसके बाद अमर सिंह के दोनों पुत्र जितेंद्र व अजीत और बेटी रूबी भी वहां आ गई। इन लोगों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब गांव के लोगों ने चीख पुकार सुनी तो मौके पर पहुंचकर बीच बचाव करा दिया। जिसमें महिला को गंभीर चोटें आई।
दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
गांव के लोगों ने महिला को आरोपियों से बचाया और उसकी मरहम पट्टी कराई। यह घटना 29 मार्च की शाम को हुई थी, लेकिन महिला का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने घटना की वीडियो बना ली थी, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने 31 मार्च को मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद जितेंद्र और अजीत को गिरफ्तार भी कर लिया है।
सीओ छर्रा धनंजय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।