![]()
श्रीगंगानगर. शहर के सदर थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरीशुदा 8 एयरकंडीशनर, 2 एलईडी टीवी और 1 वॉशिंग मशीन बरामद की
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2025 को नवनीत चावला निवासी विनोबा बस्ती श्रीगंगानगर ने पुलिस थाना सदर में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके गोदाम चक 2 एलएल, सरपंच कॉलोनी स्थित सिद्धेश डिस्ट्रीब्यूटर्स से लगातार चोरी हो रही है। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस अधीक्षक गौरव यादव के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल सतवीर सिंह को सौंपी गई और पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र ढिल्लो के सुपरविजन में एक टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल सतवीर, कांस्टेबल संदीप कुमार और मनफुल शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ पुत्र लालचंद, निवासी गली नंबर 1, अर्जुन नगर (देवनगर फाटक के पास) श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया। सौरभ के कब्जे से चोरी किए गए सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और संभावना है कि इस प्रकरण में और भी खुलासे हो सकते हैं। इस मामले में सदर थाना के कांस्टेबल संदीप कुमार की विशेष सक्रियता और सतर्कता की सराहना की जा रही है, जिनकी मदद से यह सफलता मिल सकी।श्रीगंगानगर पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।