मैनपुरी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जमीन विवाद में फायरिंग, बुजुर्ग को लगी गोली।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करहल-सिरसागंज मार्ग पर स्थित जमीन को लेकर विवाद में एक बुजुर्ग को गोली लग गई।
पीड़ित सुनील कुमार ने बताया कि उनकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। आरोपी पिछले 15 दिनों से रात में डंपर से मिट्टी डाल रहे थे। सुनील ने इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार वर्मा, मनोज कुमार यादव समेत करीब 20-25 लोग हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे। वे पीड़ित परिवार की अस्थायी रिहायश को हटाने लगे। इस दौरान सुनील के पिता जबर सिंह जान बचाने के लिए बाबूराम डिग्री कॉलेज की तरफ भागे। आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी। जिससे उनकी बांह में गोली लग गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप है कि अगर पुलिस और राजस्व विभाग ने समय पर कार्रवाई की होती, तो यह घटना नहीं होती। पुलिस के समझाने के बाद जाम खत्म हुआ। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्रीय लेखपाल रवनीश यादव पर भी भू-माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने कहा कि उन्होंने तहसील दिवस पर भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।