विजय पाठक | अयोध्या2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अयोध्या जिले की चकबंदी अदालत में उस वक्त हंगामा मच गया, जब दो पक्षों के बीच जमीन के मामले को लेकर मारपीट हो गई। यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 10 सेकंड के एक वीडियो के बाद चर्चा में आ गया है।
यह मामला थाना तारुन क्षेत्र के गौरा गांव से जुड़ा है। गांव निवासी शिवपूजन पांडेय, जो अनिल सिंह की ओर से मुकदमे की पैरवी करने आए थे, उन्होंने आरोप लगाया है कि रामेश्वर सिंह उर्फ कृष्ण सिंह ने कोर्ट के अंदर उन पर हमला किया। इस हमले में शिवपूजन घायल हो गए।
बयान देने की रंजिश में हमला जानकारी के मुताबिक, यह विवाद एक जमीन की विरासत (वरासत) से जुड़ा है। अनिल सिंह के पक्ष में शिवपूजन ने बयान दिया था, जिससे दूसरा पक्ष नाराज़ हो गया। इसी बात को लेकर आज पेशी के दौरान कोर्ट में ही भिड़ंत हो गई।
चकबंदी अधिकारी ने मारपीट से किया इनकार हालांकि, चकबंदी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कोर्ट में किसी तरह की मारपीट की घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इस केस में अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है और ना ही किसी ने कोई शिकायत दर्ज कराई है। अगर कोई घटना सामने आती है तो उस पर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रामेश्वर सिंह पर फर्जी दस्तावेज का आरोप इस मामले में रामेश्वर सिंह पर फर्जी वरासत दर्ज कराने का भी आरोप है। दोनों पक्ष आज अदालत में पेश हुए थे। फिलहाल पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं।