![]()
गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के सहयोगी दीपेंद्र सिंह उर्फ सागर की तलाश में जयपुर पुलिस दबिश दे रही है। बदमाश दीपेंद्र सिंह उर्फ सागर पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। फर्जी जमानती खड़े कर वह पांच दिन की अंतरिम जमानत मिलने के बाद फरार हो गया।
.
DCP (वेस्ट) हनुमान प्रसाद मीना ने बताया- गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के सहयोगी दीपेंद्र सिंह उर्फ सागर निवासी अजीतगढ़ सीकर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। बदमाश दीपेंद्र सिंह उर्फ सागर की जानकारी देने पर 25 हजार रुपए कैश इनाम घोषित किया गया है। बदमाश दीपेंद्र सिंह उर्फ सागर 30 नवम्बर को पांच दिन की अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसे 4 दिसंबर (गुरुवार) शाम 5 बजे तक जेल में आना था। उसके वापस नहीं आने पर अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल अधीक्षक ने कोर्ट को इसकी रिपोर्ट भेजी। इसके बाद सिक्योरिटी एजेंसियों ने राजस्थान सहित कई राज्यों में छापेमारी शुरू कर दी।
दो हत्या कर चुका है फरार बदमाश बदमाश सागर दो मर्डर मामलों में वांछित है। साल-2019 में उसने हरमाड़ा में महावीर मीणा की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में वह दो साल बाद जमानत मिलने पर बाहर आया। जेल से बाहर आते ही उसने साल-2022 में करधनी में बिजेन्द्र गुलाबबाड़ी की हत्या कर दी थी। जेल में तीन साल से बंद होने के बाद उसे जमानत दी गई थी।
25 लाख की मांगी रंगदारी साल-2022 में बिजेन्द्र सिंह गुलाबबाड़ी की हत्या की गई थी। बिजेन्द्र सिंह के पिता ने खोरा बीसल थाने में FIR दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया- कि मेरे बड़े बेटे की हत्या के मामले में छोटे बेटे ने इन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 3 दिन पहले रात को मैं घर के बाहर टहल रहा था। इस दौरान मुंह पर कपड़ा बांधकर एक लड़का आया। गिरेबान पकड़कर बोला- पहचाना क्या? मैं सागर जेल से बाहर आ गया हूं। 3 दिन में 25 लाख रुपए दे देना, नहीं तो दूसरे बेटे को भी मार देंगे।
जेल में बंद होने पर भी गैंगस्टर से कॉन्टैक्ट पुलिस जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा से फरार बदमाश सागर कॉन्टैक्ट में था। इसकी पुष्टि उसके दोस्त ओम सिंह ने पूछताछ में की है। जेल से ही सागर ने जनवरी में ओम सिंह को कॉल किया। सागर ने अपने दोस्त ओम सिंह को सिग्नल एप डाउनलोड करवाई। गैंगस्टर रोहित गोदारा से बात करने के लिए आईडी भी दी थी। सितम्बर में गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ओम से 25 लाख रुपए भी हवाला के जरिए भिजवाए थे। फिर ओम को 2 अक्टूबर को दुबई भेजा था। दुबई से वह 6 दिन बाद वापस लौट आया था। ओम सिंह कुचामन के रमेश रूलानिया हत्याकांड में भी राडार पर है।
जमानत लेकर हो गया फरार जयपुर जेल में जेलर से विवाद पर उसे अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल शिफ्ट किया गया। जमानत में सागर ने कहा कि घर में भाई की शादी है। घर में पुरुष नहीं इसलिए जमानत दी जाए। कोर्ट ने 5 दिन की जमानत दी थी। करधनी पुलिस ने कोर्ट में पेश हुए जमानती का रिकॉर्ड खंगाला। जमानती नाटाणियों का रास्ता कोतवाली निवासी रामेश्वर ठठेरा का पता फर्जी निकला। राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा सहित बॉर्डर एरिया में पुलिस छापे मार रही है। सागर की तलाश के लिए स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने कमिश्नरेट की सीएसटी, वेस्ट जिले की डीएसटी सहित आस-पास के थानों की स्पेशल टीमों को लगा दिया, लेकिन अभी तक कोई सुराग नही मिला। एक दर्जन संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सागर के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में दो हत्या सहित 15 केस दर्ज है।