राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड:12वीं का परिणाम: उदयपुर में वाणिज्य के 99% बच्चे पास, विज्ञान 2.3% लुढ़का, आर्ट्स में 0.1% का सुधार

Actionpunjab
4 Min Read




राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने कक्षा 12वीं का परिणाम मंगलवार को जारी किया। उदयपुर जिले का प्रदर्शन इस बार मिश्रित रहा। विज्ञान संकाय में गिरावट दर्ज की गई, जबकि कॉमर्स और कला संकाय ने बेहतर प्रदर्शन किया। तीनों संकायों का कुल परिणाम 96 प्रतिशत से अधिक रहा, जो जिले की शिक्षा गुणवत्ता को दर्शाता है। विज्ञान संकाय का परिणाम 96.32 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 98.64 प्रतिशत के मुकाबले 2.32 प्रतिशत कम है। वहीं, कॉमर्स में 0.12 प्रतिशत और कला संकाय में 0.01 प्रतिशत की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले वर्ष कॉमर्स का परिणाम 98.96 प्रतिशत और कला का 97.13 प्रतिशत रहा था। इस बार विज्ञान संकाय में छात्रों और छात्राओं के परिणाम में क्रमशः 2.86 प्रतिशत और 2.26 प्रतिशत की कमी आई है। इसके विपरीत, कॉमर्स में छात्रों का परिणाम 0.19 प्रतिशत और छात्राओं का 0.58 प्रतिशत बढ़ा है। कला संकाय में भी छात्रों का परिणाम 0.71 प्रतिशत और छात्राओं का 0.33 प्रतिशत बढ़ा है। प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की बात करें तो कला संकाय में सबसे अधिक 5573 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में पास हुए। विज्ञान में 5278 और कॉमर्स में 967 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की। सफलता की कहानियां: संघर्ष और संकल्प शिक्षा मंत्री ने उदयपुर से जारी किया रिजल्ट राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने मंगलवार को कक्षा 12वीं के सभी संकायों और वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी सभागार से वर्चुअली बटन दबाकर परिणाम घोषित किया। इस वर्ष समेकित परीक्षा परिणाम 96.45 प्रतिशत रहा है। आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मार्च महीने में ही 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं शिक्षा मंत्री ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के कारण ही यह संभव हो पाया है। गौरतलब है कि इस बार 10वीं का परिणाम भी 24 मार्च को ही जारी किया जा चुका है।
शिक्षा मंत्री ने भविष्य की योजनाओं और नियमों में बदलाव को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इसके अनुसार आगामी सत्र से विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का विकल्प मिलेगा, जिससे मानसिक तनाव कम होगा और सुधार का अवसर बढ़ेगा। नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। इससे कार्यदिवसों की संख्या 235 से बढ़कर 244 हो जाएगी। इसके अलावा तीन विषयों में री-चेकिंग करवाई जा सकेगी। पहले केवल गणित में यह सुविधा थी। अब विज्ञान और अंग्रेजी में भी विद्यार्थी री-चेकिंग करा सकेंगे। इसी सत्र से बीकानेर और सीकर में सैनिक स्कूल शुरू होंगे, साथ ही संभाग स्तर पर वेद विद्यालयों का संचालन किया जाएगा। अनुशासन और सुविधाओं पर सख्ती
मंत्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि शिक्षण के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान और सूर्य नमस्कार को संस्कार निर्माण का आधार बताया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन में कक्षाएं संचालित न की जाएं। विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वच्छ पेयजल हमारी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों को दी बधाई परिणाम जारी करने के बाद मंत्री दिलावर ने विभिन्न संकायों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से फोन पर बात कर उन्हें और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, सलूम्बर विधायक शांतादेवी और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *