वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुजफ्फरनगर के गादला गांव में शुक्रवार देर शाम जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी तालाब पर हुए अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को पिछले कई वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या से राहत मिली है।
ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी तालाब और जल निकासी मार्ग पर अतिक्रमण के कारण करीब छह साल से गांव में पानी की निकासी बाधित थी। बारिश के दौरान मुख्य रास्ता, प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास की आबादी जलमग्न हो जाती थी, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

स्थिति यह थी कि बच्चों को स्कूल जाते समय गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था और कई बार वे फिसलकर घायल भी हो जाते थे। वहीं, बीमारों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों को चारपाई या ट्रैक्टर-ट्रॉली के सहारे अस्पताल पहुंचाया जाता था।
लगातार शिकायतों और ग्रामीणों के बढ़ते दबाव के बाद एसडीएम सदर, तहसीलदार, लेखपाल और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची। कार्रवाई के दौरान दो बुलडोजर और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से तालाब की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और जल निकासी मार्ग को खुलवाया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गांव में वर्षों से रुकी हुई पानी निकासी शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि ग्रामीणों ने अन्य सार्वजनिक भूमि पर भी अतिक्रमण की जांच कर स्थायी समाधान की मांग की है।
