मानसून बुधवार को राजस्थान की सीमा (मध्य प्रदेश बॉर्डर) पर पहुंच गया है। अगले 24 घंटों में इसके एंट्री करने की संभावना है। मानसून के नजदीक आने के साथ ही कोटा और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
.
करौली और जयपुर में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
वहीं, राजस्थान-पाकिस्तान के बॉर्डर वाले जिलों में अब भी तेज गर्मी का असर है। जुलाई में भी यहां पारा 40 डिग्री के ऊपर है। बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 44 डिग्री के करीब रहा।
राजस्थान के मौसम की PHOTOS…

जयपुर में बुधवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

करौली में बुधवार शाम को बारिश के बाद सड़कों पर पानी बहने लगा, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
ये शहर सबसे ज्यादा गर्म


गर्मी-बारिश से जुड़े बड़े अपडेट्स
जल्द होगी राजस्थान में एंट्री: मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी में मानसूनी हवा सक्रिय होने से मानसून की गति और बढ़ी है। यह अब राजस्थान की सीमा तक आ गया है। इसके प्रभाव से राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी भागों में बारिश हुई है। अगले 24 घंटों में मानसून एंट्री कर सकता है।
श्रीगंगानगर में पारा 44 डिग्री पार : पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम उमस भरा रहा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के अलावा बीकानेर व जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में जबरदस्त उमस दर्ज की गई। कल राज्य में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम…



राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम
जयपुर: बुधवार सुबह से ही तेज गर्मी और उमस का असर बना रहा, लेकिन दोपहर बाद शहर के कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश हुई। अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के आसार बने हुए हैं।

जयपुर में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। बारिश से तापमान में भी एक-दो डिग्री की गिरावट हुई।
अलवर: सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, शाम करीब 5:30 बजे के बाद अचानक मौसम बदला और जिलेभर में घने काले बादल छा गए। ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना है।

अलवर में दिनभर उमस भरी गर्मी का असर बना रहा। हालांकि, जिले में कहीं-कहीं हल्के बादल भी छाए रहे।
अजमेर: दिनभर तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि इससे एक दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अजमेर में बुधवार को मौसम साफ रहा। दिन में तेज धूप के कारण उमस भी महसूस हुई। आगामी दिनों में भी यहां बारिश की संभावना है।
कोटा: बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले एक-दो दिनों में कोटा में मानसून का प्रवेश कर सकता है।

कोटा में पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ है। हवा भी कम चल रही है। इस कारण उसम बढ़ गई है।
सीकर: बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकल आई, जिससे लोग उमस से बेहाल नजर आए। अधिकतम तापमान करीब 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 29.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

सीकर में दिनभर हल्की हवाएं चलने के बावजूद उमस का असर कम नहीं हुआ।
जोधपुर: जिले में इस जून प्री-मानसून एक्टिविटी काफी कम रही। इस कारण इन दिनों भी तेज गर्मी महसूस हो रही है। बुधवार को भी दिनभर उमस और भीषण गर्मी का असर बना रहा। हालांकि, जिले में कहीं-कहीं हल्के बादल भी छाए रहे। बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस रहा।

जोधपुर में फिलहाल भीषण गर्मी और उमस का असर बरकरार है। 3 जुलाई से शहर में बारिश की संभावना है।
उदयपुर: लेकसिटी में बुधवार को मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहा। यहां अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

उदयपुर में दिनभर तेज धूप रही। हालांकि, शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव होने और ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।