ओमपाल | रामपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रामपुर के फिजिकल ग्राउंड में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1000 जोड़ों का विवाह एवं निकाह उनकी-अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। इस भव्य समारोह में सामाजिक समरसता और जनकल्याण की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में नगर विधायक आकाश सक्सेना, विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, मिलक विधायक राजबाला सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, जिला प्रभारी राजा वर्मा और जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन सभी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विवाह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिसमें शहनाई की मधुर धुन, मंगलगीत, पुष्प सज्जा और पारंपरिक मंडप शामिल थे। अतिथियों ने विवाह मंडपों का भ्रमण कर नवदंपतियों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का विवाह एवं निकाह एक ही परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

नगर विधायक आकाश सक्सेना ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी सामूहिक विवाह योजना से अब लोग तेजी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में अधिक परिवार जागरूक होकर इस योजना का लाभ ले रहे हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह हो रहा है और उन्हें नए जीवन की बेहतर शुरुआत मिल रही है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जानकारी दी कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और सम्मान के साथ पहुंचाया जा रहा है।
