बलरामपुर8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को यूरिया न मिलने की शिकायतों पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल के निर्देश पर की गई जांच में 14 खुदरा उर्वरक विक्रेताओं द्वारा यूरिया का वितरण रोकने की पुष्टि हुई। प्रशासन ने शनिवार को इन सभी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार IFMS पोर्टल से की गई जांच में पाया गया कि इन विक्रेताओं ने पिछले 10 दिनों से किसानों को यूरिया की एक भी बोरी नहीं दी। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है जब खरीफ फसलों के प्रथम और द्वितीय टॉप-ड्रेसिंग के लिए किसानों को यूरिया की सर्वाधिक आवश्यकता है।
कार्रवाई में मेसर्स जगदम्बा प्रसाद, हसमत बीज भंडार, मोहम्मद मुस्तकीम खों, अभय कुमार शुक्ला, गुप्ता खाद भंडार, वर्मा खाद एवं बीज भंडार, अजय कुमार, ओम प्रकाश यादव, अंशू सिंह, सिंह कृषि सेवा केंद्र, शारदा ट्रेडर्स, राधेश्याम, चौधरी खाद बीज भंडार और मेसर्स सुनील कुमार गुप्ता शामिल हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यूरिया की कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर और ईसी एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने सभी खुदरा विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे अपनी रिटेलर आईडी और पीओएस मशीन में दिख रहे स्टॉक को प्रतिदिन किसानों को उपलब्ध कराएं। भंडारण और वितरण में अंतर मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।