कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सैनी गीता सद्भावना यात्रा को करेंगे रवाना।
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आज कुरुक्षेत्र का दौरा करेंगे। यहां उनके 3 कार्यक्रम रहेंगे, जिनकी तैयारियां की जा रही है। सीएम नायब सिंह सैनी ब्रह्मसरोवर के उत्तरी एंट्री गेट से गीता सद्भावना यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
.
यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गीता के शांति और अहिंसा के संदेश का प्रचार करेगी। यात्रा में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। यात्रा के समापन पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता होगी।

शहर में फ्लाइओवर पर महाभारत से संबंधित बनाया गया चित्र।
बैठक में मोदी आगमन को लेकर चर्चा
अंत में सीएम हरियाणा कला परिषद के सभागार में धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, BJP कार्यकर्ता और अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेंगे। इस बैठक में गीता जयंती और PM नरेंद्र मोदी के कुरुक्षेत्र आगमन की तैयारी की फीडबैक लेंगे।
15 से महोत्सव का आगाज
15 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) का शुभारंभ होने जा रहा है। 21 दिन चलने वाले महोत्सव का 5 दिसंबर को समापन होगा। इसमें 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव को लेकर ब्रह्मसरोवर और शहर को गीता व महाभारत के रंगों में रंगा गया है।

25 नवंबर को महोत्सव में पहली बार आएंगे पीएम मोदी।
25 को PM मोदी का आगमन
महोत्सव में पहली बार प्रधानमंत्री शिरकत करेंगे। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रह्मसरोवर पर पूजा और आचमन करेंगे। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मोदी पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मोदी गीता स्थली और ब्रह्मसरोवर पर महोत्सव में भी शिरकत करेंगे।
21 हजार बच्चे करेंगे गीता पाठ
अबकी बार 21 हजार बच्चे एक साथ वैश्विक गीता पाठ में भाग लेंगे। महोत्सव की तर्ज पर गीता पाठ की संख्या को भी बढ़ाया गया है। पहले 18 हजार बच्चे यह पाठ करते थे, लेकिन इस बार 21 हजार बच्चे एक साथ गीता के श्लोक का उच्चारण करेंगे।

पहली बार 21 दिन चलेगा महोत्सव और मेला।
21 दिन चलेगा मेला
इस बार 21 दिन तक सरस और क्राफ्ट मेला चलेगा। महोत्सव में मध्य प्रदेश (MP) को स्टेट पार्टनर बनाया गया है। हर बार की तरह हरियाणा के साथ MP पवेलियन बनाया जाएगा। इसके अलावा हर रोज शाम को पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा। इसका शुभारंभ राज्यपाल करेंगे।