धरने पर बैठे किसानों को समझाते डीसी।
पलवल में गन्ना किसानों ने पलवल शुगर मिल को 20 नवंबर तक चालू करने के जिला उपायुक्त (डीसी) के आश्वासन के बाद अपना पांच दिवसीय धरना स्थगित कर दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा के देखरेख में किसान पिछले पांच दिनों से मिल चालू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर
.
रविवार को धरना स्थल पर डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और शुगर मिल के प्रबंध निदेशक (एमडी) पहुंचे। उन्होंने किसानों को 20 नवंबर तक शुगर मिल चालू करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद किसानों ने अपने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।

धरना करते किसान।
मोर्चा के नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान और उदय सिंह ने धरने पर बैठे किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि 20 नवंबर तक शुगर मिल चालू नहीं होती है, तो किसान मोर्चा अपने आंदोलन को और तेज करेगा। सभी किसानों ने इस फैसले पर सहमति जताई और डीसी का आभार व्यक्त करते हुए धरना समाप्त कर दिया।
शुगर मिल में निदेशकों के चुनाव कराने की मांग
किसान नेताओं ने यह भी मांग की कि वर्ष 2022 से शुगर मिल में निदेशकों के चुनाव नहीं कराए गए हैं और न ही लंबे समय से वार्षिक आम बैठक (एजीएम) हुई है। इसलिए किसान मोर्चा की मांग है कि शीघ्र ही चुनाव कराए जाएं।
रविवार को धरने की अध्यक्षता उदय सिंह ने की, जबकि संचालन राजवीर आर्य ने किया। इस दौरान सोमपाल चौहान, धर्मचंद घुघेरा, बाबू डॉयरेक्टर, रघुवीर सिंह और उदयचंद सहित अन्य किसान नेता भी मौजूद थे।