![]()
वाराणसी के भेलूपुर थाना के बजरडीहा सुदामापुर इलाके में शुक्रवार की देर रात पीआरवी में तैनात सिपाहियों के साथ मारपीट के मामले में एक्शन लिया है। सिपाही की तहरीर पर भेलूपुर थाने में हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
.
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराओं को शामिल किया है। हमलावरों में काशी विद्यापीठ का छात्र नेता समेत उसका साथी मोंटू सोनकर भी शामिल था। मामले में अब पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं राजनीतिक लोग मामले में सुलह समझौता कराने में प्रयासरत हैं।
शुक्रवार की देर रात बजरडीहा सुदामापुर इलाके में काशी विद्यापीठ के पूर्व छात्र नेता अभिषेक सोनकर का मकान है। जहां तेरहवीं का शोक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को कुछ लोगों द्वारा शराब पीकर आने और अभद्रता करने की सूचना दी।
जानकारी होते ही पीआरवी के जवान मौके पर पहुंचे तो, शिकायत करने वाले व्यक्ति विशाल सोनकर ने फोन नहीं उठाया। पीआरवी के जवान शिकायत के संबंध में आयोजक से बात करनी चाही, इसी दौरान एक दबंग व्यक्ति आया और पीआरवी के जवान मुख्य आरक्षी अख्तर अली के साथ अभद्रता कर मारपीट करने लगा।
जानकारी मिलते ही मौके पर भेलूपुर थाने के कई चौकी प्रभारी पहुंचे। तब तक दबंग लोग वहां से भाग खड़े हुए थे। पुलिस अपने साथ बिना नंबर प्लेट की पल्सर गाड़ी उठा ले गई। पुलिस दबंगों की तलाश कर रही है। चौकी प्रभारी बजरडीहा पवन पांडेय, चौकी प्रभारी दुर्गाकुंड विकास मिश्रा, रेवड़ी तालाब चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव और अन्य चौकी प्रभारी दबंग युवकों की तलाश में जुटे रहे।
पीड़िता सिपाही ने दी तहरीर
मुख्य आरक्षी अख्तर अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अभिषेक सोनकर और मोटू सोनकर ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने मिलकर धक्का-मुक्की और मारपीट की। पुलिसकर्मी के अनुसार स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और थाने में इसकी जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भेलूपुर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में केस पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।