जितेन्द्र कुमार | चित्रकूट4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चित्रकूट में बुधवार को एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेले ‘युवा संगम’ का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य चित्रकूट क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। यह मेला दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित दीनदयाल औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र चित्रकूट में आयोजित हुआ।
इस आयोजन में मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग ने सतना जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय सतना के सहयोग से भागीदारी की। मेले का शुभारंभ सतना के जिला रोजगार अधिकारी बी.डी. तिवारी, शासकीय आईटीआई सतना के प्राचार्य अजय बागरी, दीनदयाल आईटीआई चित्रकूट के प्राचार्य संजय दुबे और जन शिक्षण संस्थान चित्रकूट के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया।
जिला रोजगार अधिकारी बी.डी. तिवारी ने रोजगार मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कंपनियों ने स्थानीय स्तर पर अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क थी और उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर साक्षात्कार के माध्यम से किया गया।
शासकीय आईटीआई सतना के प्राचार्य अजय बागरी ने उपस्थित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए ऋण प्रक्रिया की भी जानकारी प्रदान की।

जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस) के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। अंत में, दीनदयाल औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य संजय दुबे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस ‘युवा संगम’ कार्यक्रम में कुल 17 बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें चैतन्य फाइनेंस, प्रगतिशील बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, देवा एंटरप्राइजेज, मदरसन सुमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड, टीएसपीएल, धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, औरंगाबाद ऑटो एन्सिलरी प्राइवेट लिमिटेड, सनतारा कॉस्मेटिक प्राइवेट लिमिटेड, सिंटेक्स इंडस्ट्रीज, टीसीआई, क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया, जीडीएक्स सिक्योरिटी नोएडा, जय भारत मारुति लिमिटेड, एसकेएच वाई टेक इंडिया लिमिटेड और ग्रोफास्ट जबलपुर जैसी कंपनियां शामिल थीं।
इन कंपनियों ने 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। इनमें दसवीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, डिग्री और स्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थी शामिल थे।