नितिन कुमार अवस्थी | मिर्जापुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर हुई ऑनलाइन ठगी के एक मामले में पुलिस ने पीड़ित को 45,000 रुपये वापस दिलाए हैं। सत्यानगंज मोहल्ला निवासी राकेश कुमार गुप्ता के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 45,800 रुपये निकाल लिए थे।
राकेश कुमार गुप्ता ने 27 अगस्त 2025 को अहरौरा थाने की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के बहाने उनसे बैंक संबंधी विवरण प्राप्त किया। इसके तुरंत बाद उनके खाते से 45,800 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पीड़ित की शिकायत एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग) पोर्टल पर दर्ज की गई। इसके बाद थाना अहरौरा की साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
जांच के दौरान, साइबर टीम ने आवश्यक तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ठगी की गई धनराशि में से 45,000 रुपये पीड़ित राकेश कुमार गुप्ता के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिए।
खाते में धनराशि वापस आने पर राकेश कुमार गुप्ता थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों और थाना अहरौरा की साइबर क्राइम टीम की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज के माध्यम से अपनी बैंक या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क करें।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय मिश्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल पवन गुप्ता और महिला कांस्टेबल महिमा उपाध्याय सहित साइबर सेल की टीम शामिल रही।