जूता कारोबारी से 5 करोड़ की डील,50 लाख ठगे:मकान का सौदा और निवेश के नाम पर दो लोगों से 70 लाख की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

Actionpunjab
4 Min Read




आगरा के कमलानगर निवासी जूता कारोबारी अमित कुमार से साइबर अपराधियों ने पांच करोड़ रुपये के हर्बल बीज के कारोबार का झांसा देकर 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने क्रेडिट पर माल भेजने का लालच देकर पीड़ित से अग्रिम भुगतान के तौर पर यह रकम वसूली। अमित कुमार ने बताया कि 7 फरवरी को उनके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को रोज ओलिवा फर्म का प्रतिनिधि बताया और हर्बल बीज के प्रोजेक्ट में काम करने का दावा किया। उसने कथित तौर पर सबसे सस्ता सप्लायर बताते हुए नगालैंड की कुमार इंटरप्राइजेज फर्म के सुमित कुमार से बात कराई। बातचीत में 100 किलोग्राम बीज की डील पांच करोड़ रुपये में तय हुई। लिखापढ़ी के बाद, एडवांस के तौर पर उन्होंने अपने और पत्नी के खातों से दो किस्तों में आरोपियों के बताए खातों में 50 लाख रुपये जमा किए। इसके बाद 14 फरवरी को एक नए नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाली ने खुद को कुमार इंटरप्राइजेज का सीनियर मैनेजर बताते हुए 100 किलोग्राम बीज के लिए और अधिक पैसे जमा कराने के लिए कहा। मना करने पर केवल 14 किलोग्राम बीज सप्लाई की बात कही गई। अमित कुमार ने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों के मोबाइल नंबर व खातों के माध्यम से उनकी तलाश की जा रही है। डीसीपी वेस्ट और साइबर क्राइम प्रभारी आदित्य कुमार ने बताया कि ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अज्ञात लिंक, मैसेज या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आने वाले निवेश, केवाईसी अपडेट, पेंशन, या इनाम संबंधी प्रस्तावों पर तुरंत भरोसा न करने की अपील की है। बैंक या सरकारी संस्थाएं कभी भी फोन, व्हाट्सएप या एपीके फाइल से गोपनीय जानकारी नहीं मांगतीं। अनजान स्रोत से भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें। बैंक खाते, ओटीपी, सीवीवी, पिन, पासवर्ड या जन्मतिथि जैसी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें। मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग में मजबूत पासवर्ड रखें तथा दो-स्तरीय सुरक्षा को सक्रिय करें। शहर में इन लोगों से भी हुई ठगी आगरा में दो अलग-अलग मामलों में ठगी की घटनाएं सामने आई हैं। पहले मामले में, बजरंग नगर निवासी एक दंपती पर मकान का सौदा करने के नाम पर 58 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला आरती शर्मा ने डीसीपी सिटी से शिकायत की थी कि उन्होंने बजरंग नगर स्थित मकान का सौदा 1.10 करोड़ रुपये में किया था, लेकिन आरोपियों ने पहले से ही मकान पर लोन लिया हुआ था और छत की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी थी। दूसरे मामले में, अमर कुंज निवासी चन्द्र प्रकाश जैन से ‘शून्य’ नामक एप पर निवेश के बहाने 12.58 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने बताया कि उन्हें शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया, तो बहाने बनाकर टाल दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *