मालपुरा तालाब की पाल पर जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई ।
टोंक के मालपुरा नगरपालिका में रविवार को ब्रह्म (बंब) तालाब के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए तालाब की पाल पर बने लगभग एक दर्जन पक्के अतिक्रमणों को हटाया गया। यह कार्रवाई तीन जेसीबी मशीनों और एक एलएनटी मशीन की मदद से की गई।
.
इस दौरान नगरपालिका कर्मचारियों के साथ लगभग 100 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कुछ अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लिए। एक तीन मंजिला इमारत का कुछ हिस्सा भी अतिक्रमण की सीमा में आया था, जिसे अतिक्रमणकारी खुद ही हटवा रहे हैं। इस कार्रवाई के दौरान नगरपालिका मालपुरा आयुक्त, एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

नगर पालिका मालपुरा ने एक दर्जन पक्के अतिक्रमण हटाया ।
प्रशासन ने डेढ़ दर्जन कच्चे अतिक्रमण हटा दिए थे
पिछले महीने पेश किए गए राज्य सरकार के बजट में कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी के प्रयासों से राज्य सरकार ने ब्रह्म तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग तीस करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने की घोषणा की है। इसे देखते हुए, नगरपालिका मालपुरा प्रशासन ने ब्रह्म सरोवर को फतेहसागर झील की तर्ज पर विकसित करने के लिए सरोवर की पाल पर बने कच्चे और पक्के अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
इसके तहत, लगभग दस दिन पहले पालिका प्रशासन ने डेढ़ दर्जन कच्चे अतिक्रमण हटा दिए थे, जबकि एक दर्जन पक्के अतिक्रमणों को हटाने के लिए अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर सात दिनों में अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था।
नगर पालिका मालपुरा आयुक्त रामजीत चौधरी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए दी गई सात दिन की समय सीमा शनिवार को समाप्त हो गई थी। इसके बाद, रविवार सुबह लगभग 9 बजे से नगर पालिका मालपुरा प्रशासन ने पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चार जेसीबी मशीनों और एक एलएनटी मशीन से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। एक अतिक्रमण को छोड़कर सभी अतिक्रमण हटा दिए गए हैं। बचा हुआ एक अतिक्रमण स्वयं अतिक्रमी हटा रहा है।
यह अधिकारी रहे मौजूद:
इस दौरान मालपुरा उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा, DSP आशीष प्रजापत, तहसीलदार पवन मातवा ,थाना प्रभारी चेनाराम बेडा, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी रामजीत चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी जयनारायण जाट भी मौके पर मौजूद रहे।