उन्नाव3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला है। मृतक की पहचान तौरा थाना पुरवा निवासी 42 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र रामसजीवन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक खेत में ग्रामीणों ने पेड़ से लटकता हुआ एक शव देखा। पास जाकर पहचान करने पर यह शव जितेंद्र कुमार का निकला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जितेंद्र कुमार पेशे से ऑटो चालक थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में 14 वर्षीय एक बेटी है, जो इस घटना के बाद सदमे में है। ग्रामीणों ने बताया कि जितेंद्र का स्वभाव सामान्य था और वह अपने काम में व्यस्त रहते थे।
घटना की सूचना पर पुरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले मृतक का किसी से कोई विवाद या कहासुनी तो नहीं हुई थी। पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं, परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
