Sitapur CNG Auto Fire | Driver Jumps Out Safe

Actionpunjab
2 Min Read


अभिषेक सिंह | सीतापुर5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के महमूदाबाद-रेउसा मार्ग पर बुधवार दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया, जब अल्हापुर पुलिया के पास चल रही एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ऑटो रोककर बाहर निकलने में सफलता पा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

ग्राम बासुरा निवासी मुन्ना पुत्र राकेश अपनी सीएनजी ऑटो लेकर महमूदाबाद से सवारियां बैठाकर गौडेचा चौराहा की ओर जा रहा था। रास्ते में अल्हापुर पुलिया के निकट पहुंचने पर उसे ऑटो से जलने जैसी तेज बदबू महसूस हुई। आशंका होने पर उसने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और जांच करने लगा।

इसी दौरान अचानक ऑटो से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाने का कोई मौका नहीं मिल पाया। कुछ देर बाद ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या सीएनजी सिस्टम में रिसाव माना जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर घटना की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *