Cold wave grips Sambhal, temperature drops to 7 degrees, AQI 183 | संभल में शीतलहर का प्रकोप, तापमान 7 डिग्री, AQI 183: लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटा लेट, स्कूलों का समय बदला – Sambhal News

Actionpunjab
3 Min Read


सनी गुप्ता, संभल4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

संभल में घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन प्रभावित किया है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 183 रहा। घने कोहरे के कारण लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची और स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है।

गुरुवार को जनपद संभल के ग्रामीण इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में कोहरा हल्का रहा। कोहरे के कारण शहरी इलाकों में दृश्यता 15 मीटर तक और ग्रामीण इलाकों में शून्य तक पहुंच गई थी। बुधवार शाम 6 बजे अचानक घना कोहरा छा गया था, जो देर रात हल्का हुआ और सुबह कुछ राहत मिली। घने कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

चंदौसी रेलवे स्टेशन पर लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। वहीं, हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों की गति भी धीमी हो गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) के आदेश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अलका शर्मा ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। अब स्कूल सुबह 8 बजे के बजाय 10 बजे से खुलेंगे और दोपहर 3 बजे तक पढ़ाई होगी।

आम जनमानस को शीतलहर से राहत देने के लिए नगर निकाय और ब्लॉक स्तर पर जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका परिषद संभल के ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि ठंड को देखते हुए रैन बसेरे बनाए गए हैं और शहर में 100 से अधिक चिन्हित स्थानों पर लकड़ी डाली जा रही है।

संभल में सुबह 8 बजे तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, चंदौसी, बबराला, बहजोई, असमोली, गुन्नौर, नरौली, सिरसी, गंवा, पंवासा और जुनावई सहित अन्य इलाकों का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्थानीय निवासी संजय सिंघल ने बताया कि पिछले पांच दिनों से अत्यधिक ठंड पड़ रही है, जिससे कामकाज भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कोहरे में गाड़ी चलाने में डर लगता है, क्योंकि दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *