फरीदाबाद में युवक ने की आत्महत्या:इंस्टाग्राम पर लिखा- चार लोग क्या कहेंगे, यही कहेंगे राम-नाम सत्य है; लगा ली फांसी

Actionpunjab
3 Min Read




फरीदाबाद के एनआईटी-5 जी ब्लॉक में शनिवार सुबह एक 21 साल के युवक ने इंस्टाग्राम पर भावुक स्टोरी डालने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अंशुल नन्दा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। मृतक के बड़े भाई अमन नन्दा ने बताया कि अंशुल शुक्रवार रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्यों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रात करीब 2 बजे तक वह अपना मोबाइल फोन चला रहा था। इसी दौरान उसने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ भावुक पंक्तियां लिखीं। स्टोरी में अंशुल ने लिखा था- “पूरी जिंदगी हम इसी बात में गुजार देते हैं कि चार लोग क्या कहेंगे…” “और अंत में चार लोग बस यही कहते हैं- राम-नाम सत्य है।” मृतक का बड़े भाई बोला- अंशुल को देर से उठने की आदत थी अमन ने बताया कि सुबह वह किसी काम से नानी के घर चले गए थे। अंशुल को देर से उठने की आदत थी, इसलिए सुबह 8 बजे तक जब वह बाहर नहीं आया तो किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। करीब 10 बजे जब अमन वापस आए और अंशुल के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार दरवाजा पीटने के बाद भी जब कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने अपने पिता को फोन कर बुलाया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। अंशुल अपने कमरे में चुन्नी के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने तुरंत शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। परिजन बोले- अंशुल एक निजी कंपनी में काम करता था परिजनों ने बताया कि अंशुल एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके पिता एनआईटी की मार्केट में छोले-भटूरे की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जिस मकान में यह घटना हुई, वह परिवार का अपना घर है। परिजनों का कहना है कि अंशुल ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी कोई स्पष्ट वजह उन्हें नहीं पता थी। वहीं, एनआईटी थाना प्रभारी महाबीर ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इंस्टाग्राम स्टोरी समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *