![]()
करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी के अंदर स्थित होलसेल करियाणा की सबसे पुरानी दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान की बेसमेंट से लेकर ऊपर तक की तीनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। घटना के समय दुकान बंद थी, लेकिन भीतर से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। आग से लाखों रुपये के सामान के जलने का अनुमान है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस
आग की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन शटर बंद होने की वजह से पानी की बौछार अंदर तक नहीं पहुंच पा रही थी। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने शटर उखाड़े, जिसके बाद अंदर घुसकर आग पर काबू पाने का काम तेज किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। बिजली लाइन टूटने से बढ़ी परेशानी
आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी दिक्कत दुकान के सामने से गुजर रही बिजली लाइन के टूटने से हुई। टूटे तारों की वजह से सुरक्षा जोखिम बढ़ गया, जिस पर पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत बिजली लाइन कटवाई। इसके बाद दोबारा पूरे दमखम के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया गया और हालात पर नियंत्रण पाया गया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया दुकान का इतिहास
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह दुकान करीब 100 साल पुरानी है। इसमें बेसमेंट सहित ऊपर की ओर तीन मंजिलें बनी हुई हैं। घटना से करीब एक घंटा पहले ही दुकान को बंद किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद अंदर से आग लगी दिखाई दी। देखते ही देखते आग ने पूरे ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस का बयान और जांच
पुलिस अधिकारी एएसआई बलवान ने बताया कि मुल्तानी दी हट्टी दुकान में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर आगजनी का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
करनाल होलसेल की दुकान में लगी भीषण आग:पुरानी सब्जी मंडी में 100 साल पुरानी थी दुकान,शॉर्ट सर्किट से लगी आग, तीन मंजिलों में फैली लपटें, लाखों का नुकसान
Leave a comment