जोधपुर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जोधपुर एयरपोर्ट अगले एक महीने तक बंद रहने वाला है। ऐसे में यहां से कल दोपहर 13:40 बजे मुंबई के लिए अंतिम फ्लाइट उड़ान भरेगी। इसके बाद जोधपुर एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन 29 मार्च से 28 अप्रैल तक बंद रहेगा। यहां से करीब 1 महीने तक कॉमर्शियल विमान और फाइटर जेट्स का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा।
शनिवार को उड़ान भरने वाली आखिरी फ्लाइट के बाद रोजाना संचालित होने वाली करीब 14 उड़ानें रद्द रहेंगी। इससे कई प्रमुख शहरों की हवाई कनेक्टिविटी पर सीधा असर पड़ेगा।
भारतीय वायुसेना ने जोधपुर एयरपोर्ट के रनवे की री-कारपेटिंग के लिए नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया हुआ है। इस नोटम के अनुसार, करीब 30 दिनों के लिए जोधपुर एयरपोर्ट पर सभी सिविल (व्यावसायिक) उड़ानें पूरी तरह बंद रहेगी। जोधपुर एयरपोर्ट पर 29 मार्च की शाम 6:30 बजे से 27 अप्रैल की शाम 6:30 बजे तक नोटम लागू रहेगा।
एयरपोर्ट से फ्लाइट बंद होने के चलते यात्रियों को महीनेभर तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यहां से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु, अहमदाबाद से हवाई संपर्क हवाई यात्रा नहीं कर पाएंगे। इसके चलते यात्रियों को जयपुर, किशनगढ़, उदयपुर या अहमदाबाद से हवाई यात्रा करनी पड़ेगी।
वायुसेना ने इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी और यहां एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन करने वाली कंपनी इंडिगो और एयर इंडिया को भी रनवे क्लोजर की जानकारी दे दी है। वहीं एयरलाइन कंपनियां एयरपोर्ट बंद रहने के चलते अपने स्टाफ को एक महीने के लिए दूसरे एयरपोर्ट पर शिफ्ट कर रही है।

जोधपुर एयरपोर्ट से एक महीने तक नहीं उड़ानें रद्द रहेंगी
क्या होता है NOTAM?
NOTAM यानी “नोटिस टू एयरमैन” एक आधिकारिक सूचना होती है, जो पायलटों, एयरलाइंस और नागरिक उड्डयन अधिकारियों को किसी एयरपोर्ट या हवाई क्षेत्र में होने वाले बदलाव, रख-रखाव कार्य या प्रतिबंध के बारे में अग्रिम रूप से सूचित करने के लिए जारी की जाती है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया जोधपुर एयरपोर्ट ने 15 मार्च को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर यह स्पष्ट किया कि जोधपुर एयरपोर्ट एक सिविल एन्क्लेव है और रनवे भारतीय वायुसेना के अधीन है।
7 शहरों की उड़ानें प्रभावित, प्रतिदिन 14 फ्लाइट्स बंद
वर्तमान में जोधपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरु, पुणे, हैदराबाद, जयपुर और अहमदाबाद के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं और प्रतिदिन करीब 14 उड़ानें (28 आवागमन) होती हैं। नोटम जारी होने के बाद इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 मार्च के बाद की सभी बुकिंग रोक दी हैं।
7 साल बाद होगी रनवे री-कारपेटिंग
वायुसेना के अनुसार, जोधपुर एयरपोर्ट के रनवे की आखिरी बार मरम्मत लगभग 7 साल पहले की गई थी। रनवे री-कारपेटिंग का पहला चरण मूलतः 1 मार्च से शुरू होना था, लेकिन यह कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। वायुसेना ने आश्वासन दिया है कि तीसरे और अंतिम चरण का कार्य मई तक पूरा कर लिया जाएगा।
एकमात्र रनवे साझा करते हैं IAF और सिविल विमान
जोधपुर एयरपोर्ट एक “ज्वाइंट-यूजर फेसिलिटी” है, जहां IAF का एयरबेस और सिविल एन्क्लेव दोनों एक ही रनवे का उपयोग करते हैं। चूंकि IAF के लड़ाकू विमानों और सैन्य एयरक्राफ्ट की रनवे संबंधी तकनीकी आवश्यकताएं सिविल विमानों से अलग और अधिक होती हैं, इसलिए समय-समय पर रनवे का रखरखाव अनिवार्य है। साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट सीमावर्ती क्षेत्र के करीब होने के कारण सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
———————–
जोधपुर एयरपोर्ट से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
29 मार्च से 30 दिन बंद रहेगा जोधपुर एयरपोर्ट:वायुसेना का NOTAM जारी; 7 शहरों की कनेक्टिविटी पर पड़ेगा असर

भारतीय वायुसेना ने जोधपुर एयरपोर्ट के रनवे की री-कारपेटिंग के लिए नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है। इस नोटम के अनुसार- करीब 30 दिनों के लिए जोधपुर एयरपोर्ट पर सभी सिविल (व्यावसायिक) उड़ानें पूरी तरह बंद रहेंगी। जोधपुर एयरपोर्ट पर 29 मार्च की शाम 6:30 बजे से 27 अप्रैल की शाम 6:30 बजे तक नोटम लागू रहेगा।(पूरी खबर पढ़ें)
