Prayagraj Swachh Survekshan 2026 | Mayor Ganesh Kesarwani Appeals for Online Feedback

Actionpunjab
3 Min Read


सचिन प्रजापति | प्रयागराज3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नगर निगम प्रयागराज स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में शहर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल कराने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर गणेश केसरवानी ने चौक त्रिपौलिया क्षेत्र में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर जनसंपर्क किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान को लेकर जागरूकता फैलाई और ऑनलाइन सिटिजन फीडबैक फॉर्म भरवाए।

अभियान के दौरान महापौर ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यह केवल नगर निगम का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रयागराज को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

महापौर गणेश केसरवानी ने लोगों को मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मौके पर ही कई व्यापारियों और नागरिकों से फीडबैक सबमिट करवाया। महापौर ने बताया कि नागरिकों द्वारा दिया गया सकारात्मक फीडबैक प्रयागराज की राष्ट्रीय रैंकिंग को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगर निगम अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल माध्यम से इस अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध शहर है। ऐसे में शहर की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और नगर निगम के सफाई अभियान में सहयोग करें।

महापौर ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था और जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न बाजारों और मोहल्लों में भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

इस जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुनीता चोपड़ा, साहिल अरोरा, दिनेश विश्वकर्मा, राजू पाठक, हिमालय सोनकर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी प्रयागराज को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *