सोनीपत4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रविवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पहली पाली में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा आयोजित होगी।
सोनीपत में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के दूसरे दिन रविवार को जिले के 9 परीक्षा केंद्रों पर दो चरणों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल, फ्लाइंग स्क्वॉड, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तैनात किया गया है।
इसके साथ ही बिजली, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

थ्री लेयर सुरक्षा के बीच जांच का प्रावधान किया गया है
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
रविवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पहली पाली में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद दूसरी पाली में दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा कराई जाएगी। दोनों पालियों में कुल 9,807 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें लेवल-2 के 6,843 तथा लेवल-1 के 2,964 परीक्षार्थी शामिल हैं।
वहीं शनिवार को आयोजित हुई परीक्षा में कुल 3,961 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,168 ने परीक्षा दी, जबकि 793 अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति 79.98 प्रतिशत दर्ज की गई।

समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान पहचान पत्र, एडमिट कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए परीक्षार्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
सभी परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की अलग-अलग तलाशी ली जाएगी। रोल नंबर स्लिप और पहचान पत्र का सत्यापन करने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, पेट्रोलिंग पार्टियां और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे।
बोर्ड की गाइडलाइन का करना होगा पालन
परीक्षार्थियों को बोर्ड की ओर से निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कैलकुलेटर तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी प्रकार के आभूषण या प्रतिबंधित सामग्री के साथ आने वाले अभ्यर्थियों को पहले उन्हें बाहर जमा कराना होगा।
पेयजल, चिकित्सा और ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी दुरुस्त
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। गर्मी को देखते हुए केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों के बैठने के लिए छायादार स्थान तथा पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। वहीं शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
पहले दिन शांतिपूर्ण रही परीक्षा
शनिवार को एचटेट के पहले दिन लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा जिले के 13 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। इसी व्यवस्था को रविवार को होने वाली दोनों पालियों की परीक्षा में भी लागू रखा जाएगा।
